लालकिले पर तिरंगा लहराने का इस बार दिलचस्प रिकॉर्ड बनाएंगे नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। देश की लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था के प्रतीक लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त 2020 को जब तिरंगा लहराएंगे तो राजनीतिक इतिहास का एक दिलचस्प रिकॉर्ड भी बनाएंगे। मोदी लगातार सातवीं बार तिरंगा लहराएंगे और इसी के साथ सबसे अधिक बार यह सौभाग्य हासिल करने वाले प्रधानमंत्रियों की सूची में वे चौथे नंबर पर पहुंच जाएंगे। लाल किले पर सबसे अधिक बार तिरंगा लहराने का रिकॉर्ड पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम है।
इंदिरा गांधी इस उपलब्धि में दूसरे नंबर और मनमोहन सिंह तीसरे नंबर हैं।आजादी के बाद से अब तक स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा लहराने वाले प्रधानमंत्रियों की दिलचस्प दास्तान में पीएम बने तमाम नेताओं को कम या अधिक यह सौभाग्य हासिल हुआ है, लेकिन चंद्रशेखर और गुलजारी लाल नंदा दो ऐसे प्रधानमंत्री भी हुए, जिन्हें लाल किले पर तिरंगा लहराने का मौका ही नहीं मिल पाया। नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को जब सातवीं बार तिरंगा लहराएंगे तो वे अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री के रुप में छह बार लाल किले पर तिरंगा फहराने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे।मई 2014 में सत्ता संभालने वाले मोदी जब 2024 में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा करने तक 10 बार लाल किले पर तिरंगा लहराने का सौभाग्य हासिल कर मनमोहन सिंह के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ जाएंगे। 15 अगस्त 1947 को लालकिले पर तिरंगा लहराते हुए भारत की आजादी का जयघोष करने वाले पंडित नेहरू ने 17 बार लगातार लाल किले पर तिरंगा लहराया। पंडित नेहरू के निधन के बाद गुलजारी लाल नंदा केवल 14 दिन प्रधानमंत्री रहे और उनके सामने ऐसा मौका आया ही नहीं।

Related Articles