विहिप कार्यकर्ता प्रयागराज से अयोध्‍या रवाना

पवित्र स्थलों की मिट्टी व जल साथ ले गए

प्रयागराज। तीर्थराज प्रयाग के जल और मिट्टी के साथ काशी प्रांत के कुल 19 जिलों की मिट्टी व जल लेकर विहिप के संगठन मंत्री मुकेश कुमार व अन्य पदाधिकारी अयोध्या के लिए निजी वाहनों से शुक्रवार को रवाना हुए। उन्हें विदाई देने के लिए संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही किन्नर अखाड़ा की प्रयाग पीठाधीश्वर कौशल्या नंद गिरी भी पहुचीं। किन्नर अखाड़ा की प्रयाग पीठाधीश्वर कौशल्या नंद गिरी ने कहा कि श्री राम के मंदिर निर्माण को लेकर किन्नर समाज भी हर्षित है। इसकी वजह यह कि जब प्रभु राम वनवास जा रहे थे तो सरयू तट पर जाते समय उन्होंने निर्देशित किया कि सभी नर नारी वापस चले जाएं। वहां मौजूद जय और श्री किन्नर होने के नाते नहीं लौटे। प्रभु राम 14 वर्ष बाद जब लौटे तो जय व श्री तट पर ही मिले। उसी समय प्रभु राम ने वरदान दिया कि हमसे पहले आप दोनों का नाम किया जाएगा। यही वजह है कि जय श्री राम का उद्घोष होता है।

Related Articles