भोपाल में 10 दिन का टोटल लॉकडाउन

घर से निकलने का कारण बताना जरूरी,थानों के 150 और ट्रैफिक पुलिस के 22 चेकिंग पाइंट रहेंगे, एक साथ 2500 पुलिसकर्मी सड़कों पर होंगे

भोपाल! आज रात 8 बजे से 10 दिन का टोटल लॉकडाउन शुरू हो जाएगा। यह 4 अगस्त की सुबह 5 बजे तक रहेगा। ऐसे में कलेक्टर के आदेश पर धारा 144 भी लागू हो जाएगी। इसका कड़ाई से पालन कराने के लिए शहर में थाना पुलिस 150 और ट्रैफिक पुलिस 22 चेकिंग पाइंट लगाएगी। करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी शहर भर में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए एक समय में होंगे। ऐसे में कानून का तोड़ने पर पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के लिए फ्री हैंड मिल गए हैं। अब घर से निकलने का कारण बताना जरूरी रहेगा। एएसपी हेडक्वार्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि लोग यह बिल्कुल न समझे की लॉकडाउन का मतलब सिर्फ काम से छुट्‌टी है। लोगों को सुविधा दी जाएगी, लेकिन वह धारा 144 के तहत रहेगी। सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही लोग घर से निकल सकते हैं। ऐसे में घर से कुछ दूर तक ही जाने की छूट होगी। इमरजेंसी में पुलिस और प्रशासन को फोन करने पर मदद मिलेगी। लोग अपना पहचान पत्र रखकर ही चलें। कॉलोनियों में लोगों को जानकारी देने के लिए मोबाइल वैन चलाई जाएंगी। इनसे लगातार लोगों को घर रहने और नियमों का पालन के साथ अन्य सूचनाएं दी जाती रहेंगी। घर से निकलते समय अपना पहचान पत्र लेकर जरूर चलें। पुलिस के रोकने पर तत्काल वहीं रुक जाएं और उनके निर्देशों का पालन करें। उन्हें अपना परिचय दें और घर से निकलने का कारण बताएं। जरूरी होने पर ही घर से निकलें। सरकारी कर्मचारियों को भी पास होने पर ही घर से निकलने की अनुमति है। इसके अलावा सभी जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग जैसे दूध, दवाई, सब्जी, फल और टेलीकॉम समेत सीमित सेवाओं के कर्मचारियों को भी पास जरूरी है।

Related Articles