Rohit Shetty: रोहित शेट्टी के नाम से फैलाई गई फर्जी पोस्ट, फिल्ममेकर ने बताया- इंस्टाग्राम के अलावा कहीं नहीं हूं सक्रिय

Rohit Shetty: गौरव गुप्ता के बिग बॉस 20 वाले एपिसोड के बाद वायरल हुई थी पोस्ट, रोहित ने फेसबुक और एक्स पर मौजूद फर्जी प्रोफाइल से दूर रहने की अपील की।

Rohit Shetty: सोशल मीडिया पर फिल्मी सितारों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर भ्रामक पोस्ट साझा करने का सिलसिला जारी है। अब फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के नाम से एक पोस्ट वायरल होने का मामला सामने आया है। इस पोस्ट को लेकर फिल्ममेकर ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि इंस्टाग्राम के अलावा फेसबुक और एक्स पर उनका कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है। ऐसे में इन प्लेटफॉर्म्स पर उनके नाम से चल रही प्रोफाइल और उनसे साझा की जा रही सामग्री पर विश्वास न किया जाए।

मामले की शुरुआत कॉमेडियन गौरव गुप्ता के ‘बिग बॉस 20’ के दिवाली स्पेशल एपिसोड से जुड़ी है। शो में गौरव ने स्काउटओपी, लव गिल सहित कई कंटेस्टेंट्स पर हास्य के अंदाज में टिप्पणियां की थीं। उनके कुछ मजाक प्रतियोगियों की निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर थे। इस पर स्काउट और लव ने आपत्ति जताई थी।

इसके बाद सोशल मीडिया पर रोहित शेट्टी के नाम से एक फेसबुक पोस्ट तेजी से प्रसारित होने लगी। पोस्ट में कथित तौर पर कहा गया था कि मनोरंजन के नाम पर किसी का अपमान करना या उसे नीचा दिखाना सही नहीं है। इसे गौरव गुप्ता की कॉमेडी पर रोहित शेट्टी की टिप्पणी के रूप में पेश किया जाने लगा। हालांकि, फिल्ममेकर ने अब इस पोस्ट से अपना संबंध स्पष्ट रूप से नकार दिया है।

रोहित ने बताया, कहां है उनका आधिकारिक अकाउंट

रोहित शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संदेश जारी कर फर्जी प्रोफाइल को लेकर प्रशंसकों को आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर उनका एकमात्र आधिकारिक प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम है। फेसबुक और एक्स पर उनके नाम से मौजूद कोई भी अकाउंट उनकी ओर से संचालित नहीं किया जाता।

फिल्ममेकर ने कहा कि इन प्लेटफॉर्म्स पर उनके नाम से बनाई गई प्रोफाइल फर्जी हैं और उनकी अनुमति के बिना चलाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे अकाउंट्स को फॉलो न करें और न ही वहां साझा की गई किसी सामग्री को उनका आधिकारिक बयान मानें।

रोहित ने प्रशंसकों से मिले सहयोग और उनकी समझ के लिए धन्यवाद भी दिया। उनके इस बयान के बाद गौरव गुप्ता से जुड़ी वायरल पोस्ट को लेकर स्थिति साफ हो गई है।

‘गोलमाल 5’ की तैयारियों को लेकर भी चर्चा

फिल्मी मोर्चे पर रोहित शेट्टी अपनी लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज ‘गोलमाल 5’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू और शरमन जोशी दिखाई देंगे। फिल्म में अक्षय कुमार की एंट्री भी हो चुकी है।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, ‘गोलमाल 5’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की स्टारकास्ट और फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता के चलते दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है।

Related Articles