जम्मू कश्मीर में उपायुक्तों के लिए 50 लाख रुपए फंड की घोषणा

बारामूला, 20 अगस्त
केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी उपायुक्तों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सार्वजनिक उपयोग के विभिन्न कार्यों के लिए 50 लाख रूपए फंड की पहली किस्त देने की घोषणा की है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
सिन्हा ने बुधवार को उत्तर कश्मीर जिले के अपने दौरे के समय इसकी घोषणा की। उपराज्यपाल ने पिछले 22 वर्षों से इंतजार कर रहे जेटी पुल के निर्माण को पूरा करने के लिए 21 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। इस मौके पर उन्होंने 13.92 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बोनियार सरकारी डिग्री कॉलेज की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि सरकार का एजेंडा यह सुनिश्चित करना है कि सभी बुनियादी सुविधाएं राज्य के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।
जिला मुख्यालय पर प्रतिनियुक्तियों के बारे में कई लोगों के साथ बातचीत करते हुए उपराज्यपाल ने तत्काल सार्वजनिक उपयोग के विभिन्न कार्यों से संबंधित मांगों का तत्काल संज्ञान लिया और केन्द्रशासित प्रदेश के सभी उपायुक्तों को फंड की पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपये की घोषणा की। यह धनराशि प्राथमिकता के आधार पर और केन्द्रशासित प्रदेश में समग्र विकास की रफ्तार में तेजी लाने के लिए दी गई है।

Related Articles