उत्तर प्रदेश में एसटीएफ बनी है स्पेशल ठाकुर फोर्स: संजय सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को जातिवाद के मुद्दे पर घेरने में आम आदमी पार्टी (आप) भी सक्रिय हो गई है। यूपी में केवल ठाकुरों की सरकार चलने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने एसटीएफ को स्पेशल ठाकुर फोर्स करार देते हुए कहा कि लोगों को चुन-चुन कर मारा जा रहा है।आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में विपक्षी दलों द्वारा जातिवाद के मुद्दे पर सरकार पर जारी हमलों को आगे बढ़ाया। उन्होंने भगवान परशुराम की प्रतिमा का जिक्र तो नहीं किया लेकिन ब्राह्मणों पर अत्याचार व अन्याय बढ़ने का आरोप लगाया।
उनका कहना था, किसी भी ब्राह्मण से पूछ लें, वो आपको मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना गुस्सा बताएगा। भाजपा के 58 ब्राह्मण विधायक हैं, वे भी बेहद गुस्सा हैं। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा खुद ब्राह्मण है, मैं उनसे पूछना चाहता हूं, वो क्यों ब्राह्मणों की आवाज नहीं उठाते? इतने लाचार, बेबस क्यों बने हैं? राज्यसभा सदस्य संजय सिंह यहीं नहीं ठहरे, उन्होंने मौर्य समाज में भी नाराजगी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य एक भी मौर्य को काम नहीं दिला पाए हैं। उनका कहना था कि आज केशव मौर्य खून के आंसू रोते हैं। आप प्रभारी ने राजभर, कुर्मी, तेली, गड़रिया, जाटव, सोनकर, पासवान, कोली, वाल्मीकि, बढ़ई, धोबी, कश्यप, लोधी व कुम्हार आदि जातियों के नाम गिनाते हुए योगी सरकार से उनकी नाराजगी की बात कही। उन्होंंने बताया कि सरकार से विभिन्न जातियों की नाराजगी की जानकारी उनको प्रतिदिन आने वाली फोन कॉल से प्राप्त हो रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा आम जनता के फोन न उठाने की शिकायत के बारे में भी बताया।

Related Articles