स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- राज्यों के पास 5.58 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन उपलब्ध

नई दिल्ली, एजेंसी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी 5.58 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 201.88 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन दी है। मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 201.88 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज मुफ्त और खरीद के माध्यम से प्रदान की है। इनमें से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 5.58 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन उपलब्ध है, जिसको लगाया जाना बाकी है। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र सरकार पूरे देश में COVID-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे को और अधिक बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। मालूम हो कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी 2021 से की गई थी, जबकि COVID-19 के खिलाफ राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की नई शुरुआत 21 जून 2021 से हुई थी।टीकाकरण अभियान में और अधिक टीकों की उपलब्धता से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उनके द्वारा बेहतर योजना बनाने और वैक्सीन की सप्लाई चैन को बनाए रखने में मदद मिली है, जिसके कारण राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान में तेजी आई है। मालूम हो कि इस अभियान को गति प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन मुहैया करा रही है।भारत में रविवार को पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 6,809 नए मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 55,114 हो गई। हालांकि देश में साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 2.29 प्रतिशत है, जबकि दैनिक पॉजिटिविटी दर 2.12 प्रतिशत है। भारत में कोरोना संक्रमण के रिकवरी दर 98.69 प्रतिशत है।देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 8,414 मरीज ठीक हुए हैं। इसी के साथ स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,38,73,430 हो गई है।

Related Articles