लखनऊ में रिकार्ड तोड़ गर्मी, 23 साल बाद तापमान 45 डिग्री पार; जानें मौसम का हाल

लखनऊ। 23 साल बाद यानी सन 1999 के बाद शुक्रवार को सीजन में पहली बार राजधानी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। साथ ही दिन भर चली लू से मौसम बेहद गर्म रहा। प्रदेश के बांदा में 47 डिग्री जबकि और कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, एक मई से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा सकता है। इससे एक मई को पूर्वी प्रदेश और दो मई से पांच मई तक प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश से असम होते पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्रों में चलने वाली गर्त हवाओं और पूर्वी प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में चलने वाले चक्रवाती तूफानों के कारण तीन मई तक प्रदेश भर के अलग-अलग स्थानों में धूल भरे तूफान और लू के चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में 47.4 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 46.8 डिग्री सेल्सियस और कानपुर में 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान मेरठ में 21.6 डिग्री सेल्सियस, फतेहगढ़ में 21.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।

शुक्रवार को शहर का एक्यूआइ स्तर 238 तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है।

 

Related Articles