दो बुजुर्गों की अलग-अलग क्षेत्रों में गला रेतकर हत्या

छानबीन में जुटी पुलिस

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में दो वृद्धों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। अलग-अलग स्थानों पर हुई वारदात से जिले में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी महेंद्र कुमार ने बताया कि घटना का राजफाश कर हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। मामला कर्नलगंज थाना क्षेत्र के चकरौत मजरे बंगला का है। यहां के निवासी 60 वर्षीय बाबूराम गुरुवार की रात दरवाजे के सामने सो रहे थे। आरोप है कि गांव के ही उदय प्रकाश उर्फ मुन्ना ने बांका से गला काटकर उनकी हत्या कर दी। कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि घटना के कारणों के बारे में व अन्य जानकारियां ली जा रही हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। दूसरी घटना, छपिया थाना क्षेत्र के मछमरवा गांव में हुई। यहां छप्पर के नीचे सो रहे 70 वर्षीय रामबरन मौर्य की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे भूमि विवाद को कारण बताया जा रहा है। छपिया एसओ संजय सोनकर ने बताया कि छानबीन की जा रही है। अभी हत्यारों का सुराग नहीं लगा है। जिले में एक ही रात हुई दो बुजुर्गों की हत्या से सनसनी फैल गई है। एएसपी महेंद्र कुमार ने बताया कि घटना का राजफाश कर हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles