US Flight Chaos: अमेरिका में उड़ानों पर लगी रोक हटी, 13 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स हुईं प्रभावित; ट्रंप प्रशासन ने साइबर हमले की आशंका नकारी
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी से अमेरिका में उड़ानें प्रभावित हुईं। ट्रंप प्रशासन ने साइबर हमले और AI की भूमिका से इनकार किया।
US Flight Chaos: अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने शुक्रवार को हवाई यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। देशभर में हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई घंटों तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। इस दौरान 13 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू किया था। हालांकि, तकनीकी समस्या की पहचान होने के बाद अब यह प्रतिबंध हटा लिया गया है और एयरस्पेस को दोबारा खोल दिया गया है।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में आई परेशानी का पता लगा लिया गया है। इसके बाद विमानों की आवाजाही दोबारा शुरू करने की अनुमति दे दी गई। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उड़ानों का संचालन तुरंत पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाएगा। विमानों की उपलब्धता, पायलटों और केबिन क्रू की स्थिति के आधार पर सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल किया जाएगा।
22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में आई थी तकनीकी खराबी
शॉन डफी के मुताबिक, अमेरिका के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में रडार और संचार व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सामने आई थीं। दोपहर करीब 3 बजकर 36 मिनट पर सिस्टम में अस्थिरता महसूस की गई, जिसके बाद विमानों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान में गड़बड़ी होने लगी।
इस स्थिति में विमानों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। रडार से मिलने वाले डेटा और विमान चालकों के साथ संचार में विसंगतियां सामने आने के बाद अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर ग्राउंड स्टॉप का फैसला लिया। इसके तहत उड़ानों को एयरपोर्ट से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।
शॉन डफी ने बताया कि निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत यह कदम उठाया गया था। उस समय करीब 3,500 विमान हवा में थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों और पायलटों के सहयोग से विमानों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया। बाद में हवाई क्षेत्र में विमानों की संख्या घटकर 400 से भी कम रह गई थी।
FAA ने हटाया ग्राउंड स्टॉप, लेकिन यात्रियों की परेशानी जारी
तकनीकी गड़बड़ी का पता चलने और स्थिति नियंत्रित होने के बाद FAA ने उड़ानों पर लगाई गई रोक हटा दी। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, रात 8 बजकर 15 मिनट (ईस्टर्न टाइम) पर एयरस्पेस को दोबारा खोल दिया गया। इसके बाद कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी रवाना करने की अनुमति दी गई।
हालांकि, ग्राउंड स्टॉप हटने के बावजूद यात्रियों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है। कई उड़ानों के समय में बदलाव हुआ है और कुछ विमानों के लिए क्रू की उपलब्धता भी चुनौती बनी हुई है।
शॉन डफी ने यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें और उड़ान की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि एयरलाइन को यह देखना होगा कि संबंधित विमान के लिए पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट उपलब्ध हैं या नहीं। यदि पर्याप्त क्रू मौजूद हुआ तो रात में ही अधिक से अधिक उड़ानों को रवाना करने की कोशिश की जाएगी। अन्यथा बची हुई उड़ानों का संचालन अगले दिन सुबह किया जाएगा।
पुराने हार्डवेयर को बताया गया गड़बड़ी का कारण
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा था कि आखिर अमेरिका जैसे विकसित देश की हवाई यातायात व्यवस्था अचानक कैसे ठप हो गई? इस पर शॉन डफी ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के पुराने हार्डवेयर को जिम्मेदार बताया।
उन्होंने कहा कि अमेरिका का मौजूदा एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम काफी पुराना हो चुका है और इसी के हार्डवेयर में खराबी आने से यह स्थिति पैदा हुई। उनके मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले एक साल से कांग्रेस से एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को पूरी तरह आधुनिक बनाने के लिए आवश्यक फंडिंग की मांग कर रहे हैं।
डफी ने यह भी बताया कि ग्राउंड स्टॉप के दौरान सभी उड़ानों को रोकना संभव नहीं होता। कुछ ऐसी उड़ानें होती हैं, जिन्हें जारी रखना जरूरी होता है। इनमें मेडिकल इमरजेंसी से जुड़ी सेवाएं और जीवन रक्षक दवाइयां पहुंचाने वाले कार्गो विमान शामिल हैं। इसके अलावा कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ी कुछ उड़ानों को भी संचालन की अनुमति दी गई थी।
क्या अमेरिका के एयर ट्रैफिक सिस्टम पर हुआ था साइबर हमला?
उड़ानों के अचानक रुकने के बाद साइबर हमले की आशंका भी जताई जाने लगी थी। हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने फिलहाल ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती जांच में साइबर हमले या अनियंत्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका का कोई संकेत नहीं मिला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी जांच पूरी नहीं हुई है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। संबंधित टीमों को मामले की जांच में लगाया गया है और उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुलिन ने इस घटना का माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से संबंध होने की आशंका को भी खारिज किया। यानी शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह समस्या किसी बाहरी साइबर हमले के बजाय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की तकनीकी खराबी से जुड़ी हुई थी।
आधुनिक सिस्टम की जरूरत पर फिर उठे सवाल
अमेरिका में हुई इस घटना ने एक बार फिर देश की हवाई यातायात व्यवस्था के आधुनिकीकरण की जरूरत को सामने ला दिया है। जिस देश में रोजाना हजारों विमान उड़ान भरते हैं, वहां रडार और संचार प्रणाली में आई गड़बड़ी का असर पूरे नेटवर्क पर दिखाई दिया।
हालांकि, FAA ने प्रतिबंध हटाकर उड़ानों को दोबारा शुरू करने की अनुमति दे दी है, लेकिन प्रभावित सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह क्या थी और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।



