UP Home Guard Result 2026: यूपी होमगार्ड भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 41,424 अभ्यर्थी चयनित; ऐसे करें चेक
यूपी होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी हो गया है। 41,424 रिक्त पदों के सापेक्ष सभी पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
UP Home Guard Result 2026: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत प्रदेश के 75 जनपदों में 41,424 रिक्त पदों को भरा जाना है। बोर्ड ने सभी 41,424 पदों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों की जनपदवार सूची जारी की है।
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर देख सकते हैं। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अब चयन की स्थिति जानने का रास्ता साफ हो गया है।
25 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के लिए बोर्ड ने 18 नवंबर 2025 को विज्ञप्ति जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में निर्धारित रिक्तियों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 25,32,196 आवेदन प्राप्त हुए थे।
इसके बाद चयन प्रक्रिया कई चरणों में आगे बढ़ी। इसमें लिखित परीक्षा, दस्तावेजों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल रही। सभी चरणों में निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया।
छह पालियों में हुई थी लिखित परीक्षा
होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा प्रदेश के 74 जिलों में 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा कुल छह पालियों में कराई गई। अलग-अलग पालियों में परीक्षा होने के कारण अभ्यर्थियों के अंकों का नियमों के अनुसार नॉर्मलाइजेशन किया गया।
इसके बाद आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से दी गई अधिमानी योग्यताओं से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर निर्धारित अंक भी जोड़े गए। नॉर्मलाइज्ड स्कोर और अधिमानी योग्यता के अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों को भर्ती के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
1.07 लाख अभ्यर्थी पहुंचे अगले चरण में
बोर्ड ने 28 जून 2026 को जारी सूचना के जरिए कुल 1,07,221 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए बुलाया था। यह संख्या विज्ञापित पदों की करीब 2.6 गुना थी।
दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त 2026 के बीच पूरी की गई। इस दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही भर्ती के लिए निर्धारित शारीरिक मानकों को भी परखा गया।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद तैयार हुई मेरिट
दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET के लिए बुलाया गया। यह परीक्षा 15 सितंबर से 26 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की गई।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया। इसके बाद लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड स्कोर और अधिमानी योग्यता के लिए निर्धारित अंकों को जोड़कर अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की गई।
जनपदवार मेरिट के आधार पर हुआ चयन
अंतिम चयन में उत्तर प्रदेश में लागू आरक्षण नियमों को ध्यान में रखा गया। इसके आधार पर प्रत्येक जनपद के लिए अलग-अलग मेरिट तैयार की गई। इसी जनपदवार मेरिट के आधार पर 41,424 रिक्त पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची तैयार हुई है।
बोर्ड के अनुसार प्रदेश के 75 जनपदों में कुल 41,424 रिक्त पदों के सापेक्ष 41,424 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित उम्मीदवारों की जनपदवार सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है।
समान अंक होने पर किसे मिली वरीयता?
भर्ती प्रक्रिया में यदि दो या उससे अधिक अभ्यर्थियों के अंक समान रहे, तो उनकी जनपदवार श्रेष्ठता तय करने के लिए निर्धारित नियमों का पालन किया गया। 3 नवंबर 2025 के शासनादेश में निर्धारित उत्तर प्रदेश राज्य होमगार्ड्स एनरोलमेंट मार्गदर्शिका के अनुसार समान अंक वाले अभ्यर्थियों में अधिक आयु वाले उम्मीदवार को वरीयता दी गई।
यदि आयु के आधार पर भी स्थिति समान रही, तो हाईस्कूल प्रमाणपत्र में दर्ज नाम के अंग्रेजी वर्णमाला क्रम को आधार बनाया गया। इस प्रक्रिया के जरिए जनपदवार मेरिट और अंतिम चयन को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया गया।
Shubman Gill: गिल की एक और बड़ी उपलब्धि, वनडे के दिग्गजों की बराबरी पर पहुंचे
ऐसे चेक करें यूपी होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट
होमगार्ड भर्ती में शामिल अभ्यर्थी अपना फाइनल रिजल्ट ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं। वेबसाइट पर होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 से संबंधित रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद उपलब्ध जनपदवार चयन सूची को खोलें और उसमें अपना नाम या रोल नंबर चेक करें।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि चयन सूची में अपना नाम मिलने के बाद रिजल्ट या संबंधित दस्तावेज का प्रिंटआउट/पीडीएफ भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें। भर्ती से जुड़ी आगे की प्रक्रिया और आवश्यक निर्देशों के लिए अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को जरूर देखते रहें।


