MBBS Admission: मेडिकल की पढ़ाई में बढ़ेंगे अवसर, देशभर में जुड़ेंगी 75 हजार नई सीटें

MBBS Admission: 2029 तक लक्ष्य पूरा करने की तैयारी में केंद्र सरकार, जेपी नड्डा ने मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दी जानकारी

MBBS Admission: देश में डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में अवसर बढ़ने वाले हैं। केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश में 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें जोड़ने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भरोसा जताया है कि सरकार इस लक्ष्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा कर लेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा का विस्तार करने के साथ संस्थानों में पढ़ाई और प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखना भी जरूरी है।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल के आठवें दीक्षांत समारोह तथा संस्थान के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी दी। समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी उपस्थित रहे। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस घोषणा का उल्लेख किया, जिसमें लाल किले की प्राचीर से चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ाने और 75 हजार नई सीटें जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था।

दस वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में बड़ा इजाफा

जेपी नड्डा ने बताया कि पिछले एक दशक में देश के चिकित्सा शिक्षा ढांचे में काफी विस्तार हुआ है। पहले देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 थी, जो अब बढ़कर 863 हो गई है। इसी अवधि में एम्स की संख्या भी बढ़कर 23 तक पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि अंडरग्रेजुएट मेडिकल सीटों की संख्या पहले लगभग 51 हजार थी, जो अब बढ़कर 1.43 लाख हो चुकी है। इसी तरह पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सीटें भी करीब 31 हजार से बढ़कर 91 हजार तक पहुंच गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार मेडिकल शिक्षा की क्षमता को लगातार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, इस प्रक्रिया में शिक्षा की गुणवत्ता और डॉक्टरों के प्रशिक्षण के स्तर को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

अतिरिक्त सीटों के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की मंजूरी

मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए सरकार ने वित्तीय सहायता की व्यवस्था भी की है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिसंबर 2025 में प्रत्येक अतिरिक्त अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सीट के निर्माण के लिए 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी थी।

इस योजना के अंतर्गत 10 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें तैयार करने के लिए कुल 15 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस राशि के माध्यम से मेडिकल संस्थानों में सीटों की क्षमता बढ़ाने और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।

युवा डॉक्टरों को दी मानव सेवा की सीख

दीक्षांत समारोह में जेपी नड्डा ने डिग्री हासिल करने वाले नए डॉक्टरों को उनके पेशे की जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में काम करने का अवसर केवल करियर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने युवा चिकित्सकों से ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ मरीजों का उपचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को अपने पेशे में सेवा भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उपराष्ट्रपति बोले- मरीज को भरोसा देना भी इलाज का हिस्सा

समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नए डॉक्टरों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल दवाइयां देने या ऑपरेशन करने तक सीमित नहीं है। मरीज की परेशानी को समझना, उसकी भावनाओं का सम्मान करना और उसे भरोसा दिलाना भी उपचार की प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।

उन्होंने युवा डॉक्टरों को अपने पेशे में मानवीय संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया।

मेडिकल शिक्षा के विस्तार पर सरकार का जोर

केंद्र सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में देश में मेडिकल सीटों की उपलब्धता बढ़ाना है, ताकि चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का दायरा विस्तृत हो सके। जेपी नड्डा ने भरोसा जताया कि 2029 तक 75 हजार अतिरिक्त सीटें जोड़ने की योजना पूरी कर ली जाएगी। सरकार के सामने सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशिक्षण के मानकों को बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी।

Related Articles