Jamia Recruitment 2026: जामिया में 85 पदों पर भर्ती, 10वीं पास को भी मौका
Jamia Recruitment 2026: ग्रुप A, B और C के 35 तरह के पदों पर होगी नियुक्ति, 11 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
Jamia Recruitment 2026: जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस भर्ती अभियान के तहत ग्रुप A, B और C के कुल 85 रिक्त पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर और अनुभवी पेशेवरों तक निर्धारित की गई है। ऐसे में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएशन पास अभ्यर्थियों के लिए भी आवेदन का अवसर है।
विश्वविद्यालय ने इस भर्ती के लिए 10 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की थी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
35 तरह के पदों पर होगी भर्ती
जामिया की इस भर्ती में विभिन्न विभागों के कुल 35 प्रकार के पद शामिल हैं। इनमें असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 3, सेक्शन ऑफिसर के 4, असिस्टेंट के 3, अपर डिवीजन क्लर्क के 10 और हिंदी टाइपिस्ट के 2 पद शामिल हैं। इसके अलावा उर्दू टाइपिस्ट के 4, अकाउंटेंट/असिस्टेंट फाइनेंस ऑफिसर के 4, इलेक्ट्रीशियन के 5, प्लंबर के 3, कारपेंटर के 5 और वायरमैन के 3 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वहीं, बेलदार के 6, मेट के 6, फार्मासिस्ट के 3, ड्रेसर के 2, चेयर साइड अटेंडेंट के 3 और हॉर्टिकल्चर से जुड़े 2 पद भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इंजीनियरिंग, गार्डन सुपरवाइजर, कुक, केयरटेकर और सैनिटरी इंस्पेक्टर सहित अन्य पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
पद के अनुसार निर्धारित है योग्यता
इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता पद के हिसाब से अलग-अलग रखी गई है। कुछ पदों के लिए 10वीं पास होना जरूरी है, जबकि अन्य पदों के लिए 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक या स्नातकोत्तर की डिग्री मांगी गई है। कुछ पदों पर संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी मौका मिलेगा। इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव संबंधी शर्तों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना से प्राप्त कर लेनी चाहिए।
अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष
सामान्य तौर पर अधिकतर पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, इंटरनल ऑडिट ऑफिसर और इंजीनियर पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष तक है। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। वहीं, जामिया के नियमित कर्मचारियों के लिए अधिकतम आयु सीमा की बाध्यता नहीं रखी गई है। आयु और शैक्षणिक योग्यता की गणना 11 दिसंबर 2026 को आधार मानकर की जाएगी।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
आवेदन शुल्क पदों के समूह और अभ्यर्थी की श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है।
-
ग्रुप A के सामान्य और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 1,000 रुपये।
-
ग्रुप A के एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये।
-
ग्रुप B और C के सामान्य तथा ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 700 रुपये।
-
ग्रुप B और C के एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए 350 रुपये।
-
दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार जामिया की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट jobs.jmi.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद संबंधित पद का चयन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने और निर्धारित शुल्क का भुगतान करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को 10वीं, 12वीं, स्नातक, अनुभव और आरक्षण श्रेणी से संबंधित प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां तैयार रखनी होंगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद हार्ड कॉपी निर्धारित समय सीमा के भीतर विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग में स्पीड पोस्ट, कूरियर या व्यक्तिगत रूप से जमा करनी होगी। लिफाफे पर आवेदन किए गए पद का नाम और विज्ञापन संख्या स्पष्ट रूप से लिखना जरूरी है।



