CTET Update: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार अब CTET का 22वां संस्करण 12 और 13 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इससे पहले परीक्षा सितंबर में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
उम्मीदवारों को मिलेगी अतिरिक्त तैयारी का मौका
नई परीक्षा तिथियों के ऐलान के बाद अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अधिक समय मिल गया है। बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए CTET पोर्टल पर नियमित नजर बनाए रखें।
परीक्षा केंद्र की जानकारी कब मिलेगी?
सीबीएसई के अनुसार परीक्षा शहर (Exam City) की सूचना परीक्षा से लगभग 15 दिन पहले जारी की जाएगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने से करीब दो दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।
आवेदन प्रक्रिया दोबारा खुलने के बाद लिया गया फैसला
बोर्ड ने पहले परीक्षा 6 सितंबर को निर्धारित की थी। बाद में पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का एक और अवसर दिया गया, जिसके चलते परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके बाद परीक्षा को दिसंबर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
दो पेपर में आयोजित होती है CTET
CTET में दो अलग-अलग पेपर होते हैं। पहला पेपर कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों के लिए और दूसरा पेपर कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए आयोजित किया जाता है। प्रत्येक पेपर में 150 प्रश्न होते हैं और परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित है।
पात्रता के लिए कितने अंक जरूरी?
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को CTET उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होते हैं। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाती है।
कब जारी हो सकता है एडमिट कार्ड?
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दिसंबर में होगी। ऐसे में एग्जाम सिटी स्लिप नवंबर के अंतिम सप्ताह में जारी होने की संभावना है, जबकि एडमिट कार्ड दिसंबर के दूसरे सप्ताह में उपलब्ध कराया जा सकता है।