यूपी: फिरोजाबाद को चंद्रनगर करने का प्रस्ताव जिला पंचायत ने किया पास

योगी सरकार यूपी के एक और शहर का नाम बदलने की तैयारी में है। चूड़ियों के लिए मशहूर फिरोज़ाबाद जिले का नाम चंद्रनगर करने का प्रस्ताव जिला पंचायत ने पास कर दिया है। 

जिला पंचायत कार्यालय सभागार में बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 की कार्ययोजना बनाने हेतु विचार विमर्श किया। बोर्ड के समक्ष ब्लाक प्रमुख लक्ष्मी नरायन यादव द्वारा प्रस्ताव रखा कि पूर्व में जनपद फिरेाजाबाद का नाम चंद्रनगर था, जिसे बाद में फिरोजाबाद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद का पुनः नाम चंद्रनगर करने का प्रस्ताव इस सदन में पास होकर शासन को विचार हेतु भेजा जाए। इस पर समस्त सदन द्वारा ध्वनिमत से इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया जो अब शासन को भेजा जाएगा।

बैठक के दौरान सदन की सर्वसम्मति से जिला पंचायत में विधिक परामर्शदाता की नियुक्त किए जाने का अधिकार जिला पंचायत अध्यक्षा को दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्षा हर्षिता सिंह ने सदन में उपस्थित समस्त पंचायत सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सदन से कहा कि जिला पंचायत द्वारा जनपद के हर क्षेत्र में गुणवत्ता के साथ मानकों के अनुसार विकास कार्य कराया जाएगा। किसी भी क्षेत्र को इस जिला पंचायत के विकास से वंचित नहीं रखा जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा कहा गया कि वह जिला पंचायत की ओर से समस्त जनपद में विकास कार्यों को समानता से गति देंगी और चहुंमुखी विकास कराएंगी।

अपर मुख्य अधिकारी देशराज सिंह द्वारा बैठक का संचालन किया। सर्व प्रथम संचालक द्वारा उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बैठक का एजेंडा बिंदू के अनुसार गत बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई। इसका सर्वसम्मति से गत बैठक की पुष्टि सदन द्वारा की गई। इस दौरान अपर मुख्य अधिकारी द्वारा सदन को अवगत कराया गया कि बैठक में जिला पंचायत सदस्य किसी भी विभाग से संबंधित अपनी परेशानी साझा कर सकते हैं। क्योंकि इस बैठक में जनपद स्तर के समस्त अधिकारी आते हैं, उनके क्षेत्र की आम जनता की परेशानी से उनको अवगत कराया जा सकता है। विधायक हरिओम यादव द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए सदन में कहा कि विधान सभा सदन के बाद जनपद का सबसे बड़ा सदन जिला पंचायत का होता है। इस सदन में जनपद स्तर के समस्त अधिकारीगण आते हैं। सदस्य गण अपने क्षेत्र की समस्याओं को उनके समक्ष रख सकते है। विकास के बारे में उन्होंने कहा कि इस सदन द्वारा पारित परियोजनाओं से जनपद के समस्त क्षेत्रों का विकास गुणवत्ता के साथ होता है।

संघ परिवार लंबे समय से उठाता रहा है मांग

भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हैया लाल गुप्ता ने कहा कि जनपद का नाम फिरोजाबाद से बदलकर पुनः चंद्र नगर करने की मांग संघ परिवार लंबे समय से करता आया है। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख फिरोजाबाद डॉ.लक्ष्मी नारायण यादव द्वारा जनपद का नाम पुनः चंद्रनगर करने के प्रस्ताव को जिला पंचायत अध्यक्ष एवं बोर्ड द्वारा ध्वनिमत से पारित कर शासन को भेजने का निर्णय स्वागत योग्य है। इस कार्य के लिए ब्लाक प्रमुख फिरोजाबाद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष बधाई के पात्र हैं।

Related Articles