किसान को मारी गोली

परिवारीजनों पर भी की फायरिंग; छह और घायल

बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के मलुवा भकुरहा में जमीनी रंजिश में दबंगों ने खेत में किसान को गाेली मार दी। इसके बाद घर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर परिवार के छह सदस्यों को भी घायल कर दिया। आधे घंटे तक तांडव मचाने के बाद दबंग फरार हो गए। मेडिकल कॉलेज में घायलों को भर्ती कराया गया है। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रिसिया थाना क्षेत्र के मलुवा भकुरहा के लव कुमार सिंह व जय बहादुर के बीच लंबे समय से जमीनी रंजिश चल रही है।

शुक्रवार सुबह जय बहादुर का 28 वर्षीय पुत्र राजू अपने खेत में गया था। पहले से ही घात लगाए बैठे लव कुमार सिंह व उनके परिवारजनों ने उस पर फायर झोंक दिया। गर्दन में गोली लगने से वह वहीं गिर गया। बावजूद इसके दबंग सीधे राजू के घर पहुंच गए। बाहर बैठे लोगों पर लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इसमें 28 वर्षीय मुकेश, 65 वर्षीय जय बहादुर, राजू की पत्नी व दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पर गांव के लोग एकत्र हो गए। इसके बाद आरोपित फायरिंग करते हुए भाग निकले। गांव में गोलीबारी की सूचना पाकर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, सीआे नानपारा जंग बहादुर व तीन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Related Articles