जौनपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ बोले-भ्रष्टाचारी कोई भी होगा उसकी संपत्ति कुर्क करने में नहीं करेंगे संकोच

जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जौनपुर दौरे पर जिले को विकास के कई सौगात देने के साथ भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कड़ी नसीहत भी दे डाली। जौनपुर में शिलान्यास तथा लोकार्पण के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ गाजीपुर के लिए रवाना हो गए। जौनपुर में 258 करोड़ की 116 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित करते पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलब्य मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश को खोखला कर दिया था। भ्रष्टाचार पिछली सरकारों की जींस का हिस्सा था, अपने लिए और अपने खानदान के लिए भ्रष्टाचार पैदा करते थे। भ्रष्टाचारी कोई भी होगा उसकी संपत्ति कुर्क करके उसे गरीबों के उपयोग के लिए कोई संकोच नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे में विकास योजनाएं जो भी चलाई गई सिर्फ अपने लोगों को लाभ दिया गया। उसका लाभ आम आदमी को नहीं मिला। आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। नए भारत के साथ ही उत्तर प्रदेश भी नया उत्तर प्रदेश बन रहा है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए आप लोगों का जो योगदान रहा उसका धन्यवाद ज्ञापित करने मैं आया हूं।सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जौनपुर दौरे पर आते ही हमने मेडिकल कॉलेज व एसटीपी निर्माण का निरीक्षण किया। हमने देखा कि जौनपुर आज विकास की ओर बढ़ रहा है। विकास की योजनाओं का ईमानदारी से पालन का ही परिणाम है कि आज जौनपुर के साथ ही पूरा प्रदेश विकास की एक नई कहानी लिख रहा है। कहा कि 2017 के पहले की सरकार के भ्रष्टाचार के चलते योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही थीं। वह सरकार केवल ठेकेदारों व परिवार के लोगों को लाभ देने का काम कर रही थी। जिसका परिणाम रहा कि उत्तर प्रदेश बिछड़ता गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश दंगा मुक्त होकर रोजगार देने वाला प्रदेश बन गया है। नौजवानों की प्रतिभा का ही परिणाम है कि प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। पहले इसी प्रदेश के लोगों को बाहर जाने में पहचान छिपाने पड़ते थे, लेकिन आज ऐसा नहीं हो रहा है।लोगों को हर जगह सम्मान मिल रहा है। कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खात्मे में लगी है। सरकार भ्रष्टाचार को खत्म कर विकास योजनाओं को धरातल पर ला रही है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ प्रदेश भी निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। आज भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनाने के लिए हम सभी को आगे आना होगा उन्होंने सरकार की शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य योजनाओं का बखान करते हुए जौनपुर के इत्र व इमरती को और आगे बढ़ाने की बात कही। इसके साथ ही सभी से आह्वान किया कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही गांव व नगर को भी आत्मनिर्भर बनाएं।

Related Articles