शिक्षा मंत्री आवास के बाहर बेरोजगार युवाओं का सुंदरकांड पाठ

12,460 पदों पर शिक्षक भर्ती पूरी कराने पर डटे, पुलिस ने जबरन हटाया

लखनऊ। 2016 से 12,460 पदों पर अटकी शिक्षक भर्ती को लेकर युवाओं का धैर्य मंगलवार को जवाब दे गया। कई लड़के और लड़कियां लखनऊ में शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। सड़क पर ही बजरंगबली की फोटो रखकर धूप जलाई। फिर सुंदरकांड का पाठ शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धकियाते हुए सड़क से उठा दिया। उन्हें धरना स्थल इको गार्डन जबरन ले जाया गया है। इससे युवाओं में आक्रोश है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा, ”12460 पदों पर साल 2016 से यह भर्ती प्रक्रिया रुकी है। तमाम जतन के बावजूद फिलहाल इस पर कोई निर्णय नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन कर रहे संजय कुमार ने बताया, ”24 अप्रैल को मंत्री संदीप सिंह से बात हुई थी। उन्होंने हमारी बात सुनने के बाद काम करने का वादा किया था। बावजूद इसके उन्होंने कोई काम नहीं किया। आज हम मंत्रीजी को उनके वादे याद दिलाने पहुंचे तो पुलिस जबरदस्ती यहां से उठाकर इको गार्डन ले जा रही है। हम कोई अनर्गल काम नहीं कर रहे हैं। हम न्याय मांग रहे हैं। हमारे ऊपर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे राकेश ने कहा, “बेसिक शिक्षा विभाग के 12460 पदों पर यह भर्ती होनी थी। आधे पदों पर भर्ती हो भी गई है। फिलहाल 6000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति देना बाकी है। मामला हाईकोर्ट में है और जज साहब लगातार सरकार से अपना पक्ष रखने की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “सरकार की तरफ से हर बार आगे की तारीख ले ली जा रही है। 21 जुलाई को अब हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। 5 साल से ज्यादा समय हो चुका है। सरकार कोर्ट में अपना पक्ष रखकर भर्ती प्रक्रिया पूरी करें। इसी मकसद से हम सब यहां जुटे हैं। लखनऊ में जवाहर भवन के बाहर कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है। ये कर्मचारी यूपी फूड एंड सिविल सप्लाइज इंस्पेक्टर्स/ऑफिसर्स एसोसिएशन के हैं। मंगलवार सुबह मेन गेट के बाहर कर्मचारी बैठ गए। इसके बाद रास्ता ब्लॉक हो गया। इससे पहले सोमवार को सभी कर्मचारियों को पुलिस ने उन्हें हटाकर इको गार्डन भेजा था। कर्मचारियों का ये प्रदर्शन 12 जुलाई से लखनऊ के मुख्यालय पर जारी है। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।

Related Articles