भाजपा से निरहुआ ने किया नामांकन

सपा के धर्मेंद्र यादव से होगा मुकाबला

आजमगढ़ । 69 संंसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन निरहुआ ने नामांकन कर दिया। उनके साथ भाजपा के स्वतंत्र देव सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे। उधर समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी आजमगढ़ पहुंच चुके हैं। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया कि धर्मेन्द्र यादव ही नामांकन करेंगे। शहर में भाजपा, सपा के दिग्गजों समेत भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे समेत कई हस्तियों के पहुंचने से भीड़भाड़ के कारण शहर ठहर सा गया है। भाजपा से नामांकन के लिए दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ दिन में 11 बजे बिन्नानी गार्डेन से निकले, तो कलेक्ट्रेट पहुंचने में रास्ता भटक गए। ऐसे में उन्हें फिर से घूमकर नामांकन स्थल तक पहुंचना पड़ा। उनके साथ प्रस्तावक के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरविंद जायसवाल, पूर्व विधायक वंदना सिंह और अखिलेश मिश्रा प्रस्तावक बनने के लिए मौजूद रहे। जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पहले ही नामांकन स्थल पर पहुंच गए थे। दिन में 11.57 बजे सभी लोग एक साथ पहुंचे।उधर सपा के धर्मेंद्र यादव आजमगढ़ पहुंचे तो कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वह पार्टी के जिला कार्यालय पर पहुंचे, जहां पहले से निजामाबाद के विधायक आजलबदी और बलराम यादव मौजूद थे। सपा से धर्मेंद्र यादव की उम्मीदवारी सुनिश्चित होते ही चुनावी पंडितों ने नए सिरे से गणित लगाना शुरू कर दिया है। इससे पूर्व नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण सुबह से ही शहर में गहमा-गहमी का माहौल रहा।सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के प्रस्तावक सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, गोपालपुर विधायक नफीस अहमद, मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव और मेंहनगर की विधायक पूजा सरोज बनीं हैं। धर्मेंद्र यादव के साथ सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी भी पहुंचे हैं और नामांकन के दौरान पूरी प्रक्रिया में मौजूद रहे। भाजपा ने बिन्नानी गार्डेन में कार्यकर्ताओं के लिए इंतजाम किया था। ऐसे में वहां सड़क किनारे इतनी गाड़ियां पहुंच गईं कि शहर का मुख्य मार्ग जाम हो गया, जबकि सपा कार्यालय के निकट गाड़ियों का रेला होने से किसी के लिए विकास भवन, कलेक्ट्रेट जाना मुश्किल था। शहर में सपा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर नजर आ रहा है।

Related Articles