भाजपा को ले डूबेगी महंगाई, बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा है कि सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है और यह महंगाई भाजपा सरकार को ले डूबेगी। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि इस बार सत्ता से भाजपा की विदाई तय है। महंगाई पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। सरकार प्रदेश में मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन बांट रही थी, जबकि अब इसे भरवाने के लिए एक हजार रुपए से ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री गुरुवार को शिमला में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी वजह से मालभाड़ा बढ़ा है और अब हर चीज महंगी हो रही है। इसका सीधा असर गरीब तबके पर पड़ रहा है। कांग्रेस के समय में भी कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी होती रही है, लेकिन सरकार ने कभी भी दाम नहीं बढ़ने दिए।उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंका जाए। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। महंगाई समेत सरकार की जो भी नाकामियां हैं, उन्हें लोगों तक पहुंचाने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालने पर कांग्रेस पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है, जबकि जो लोग धमकी दे रहे हैं, उन्हें पकड़ने में सरकार नाकाम है। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि इस बार का चुनाव कांग्रेस जीतेगी। प्रदेश में बढ़ती महंगाई से लोग आहत हैं और कांग्रेस ही सबसे बड़ा विकल्प इस समय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नगर निगम चुनाव और उसके बाद विधानसभा चुनाव के लिए जीजान से जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि महंगाई के खिलाफ अभियान का आगाज कांग्रेस कर चुकी है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

Related Articles