बलिया : जिला कारागार के 160 कैदियों सहित 202 नए कोरोना पॉजिटिव, पांच ने तोड़ा दम

आज बलिया जिले में टूटा कोरोना का रिकॉर्ड

बलिया । शुक्रवार को कोरोना का रिकार्ड टूट गया। जिला कारागार के 160 कैदियों सहित 202 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिला जेल के बंदियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण का शिकार हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को 202 नए पॉजिटिव मिले हैं। पांच संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। अब तक जिले में 16069 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें 1141 लोग संक्रमित मिले हैं। 636 संक्रमित उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। जनपद में अब एक्टिव केस की संख्या 474 हो गई हैं। अब तक कुल 14 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं। नए पांच संक्रमितों की मौत की सूची में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। जनपद में गुरुवार तक 133 कंटेनमेंट जोन थे। इनमें सदर तहसील में 72, बैरिया में 11, बांसडीह में 17, सिकंदरपुर में 10, रसड़ा में 17 व बेल्थरारोड में 6 कंटेनमेंट जोन बताए गए, इनमें से 4 कंटेनमेट जोन से शुक्रवार तक बाहर हो गए। इसके बाद अब जिले में कुल 129 कंटेनमेंट जोन हैं।जिला कारागार में 24 घंटे में 593 बंदियों की हुई जांच में 160 बंदी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला कारागार में हड़कंप मच गया। संक्रमितों को कारागार में ही आइसोलेट करने की कवायद की जा रही है। जबकि शेष बंदियों की भी जांच की जा रही है। जेल अधीक्षक प्रशांत कुमार मौर्य ने बताया कि बुधवार व गुरुवार को जिला कारागार में स्वास्थ्य टीम द्वारा 594 बंदियों की जांच की गई, जिसमें से 160 बंदी पॉजिटिव मिले हैं। अभी संख्या और भी बढ़ने का अंदेशा है। पॉजिटिव केस के मामले में सबसे बड़ी बात यह कि जिला प्रशासन की ओर से विशिष्टजनों के पॉजिटिव होने की बात को छिपाकर रखा जा रहा है। इसे लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं, वहीं अनजाने में संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। चर्चा है कि जनपद में लगभग 200 से भी ज्यादा नामी लोग कोरोना पॉजिटिव हुए हैं, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

Related Articles