दलित प्रेम की परिभाषा विभिन्‍न राज्यों में अलग-अलग क्यों : सिद्धार्थ नाथ सिंह

प्रयागराज। प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में प्रियंका गांधी वाड्रा की टिप्पणी पर कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सवाल किया है। उन्‍हाेंने कहा कि कांग्रेस नेता यह बताएं कि आपके लिए दलित प्रेम की परिभाषा अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग क्यों है। कांग्रेस नेता यह बताएं कि कांग्रेस शासित राज्यों के लिए यह दलित प्रेम क्यों गुम हो जाता है। इससे पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया था कि मैं समता की लड़ाई के साथ हूं। मैं देश के संविधान के साथ हूं। मैं दलितों वंचितों पर जुल्म के खिलाफ, न्याय की आवाज के साथ हूं।

प्रयागराज प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि फाफामऊ की घटना दुखद है। इस मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए उनके निवास पर पुलिस पिकेट का प्रबंध कर दिया गया है। साथ ही सरकार ने 16.5 लाख की आर्थिक मदद भी दी है।कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने संगम नगरी के प्रवास के दौरान आम लोगों से संविधान के अनुरूप आचरण करने का आह्वान किया। संकल्प दिलाया कि सभी लोग संविधान के अनुरूप कार्य करें। यह संविधान हमें अधिकार देता है तो हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। प्रत्येक व्यक्ति को इसके प्रति सजग रहने की जरूरत है। सिर्फ अधिकार की बात करके हम राष्ट्र को प्रगति के पथ पर नहीं ले जा सकते हैं।

Related Articles