चार लोगों की हत्‍या मामले में सात आरोपितों समेत 10 का होगा ​​​​​डीएनए टेस्ट, लिए गए नमूने

प्रयागराज । प्रयागराज में फाफामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग दलित किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर पूरे परिवार (चार लोग) को मौत के घाट उतारने के मामले में आठ आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। इसमें सात आरोपितों समेत 10 लोगों का डीएनए टेस्‍ट होगा। बेली अस्पताल में डीएनए टेस्ट के लिए उनके नमूने लिए गए। इसे जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद यह पुष्टि हो जाएगी कि किशोरी के साथ इन्हीं आरोपितों ने दुष्कर्म किया था या नहीं।गांव के रहने वाले 50 वर्षीय अधेड़, उसकी पत्नी, 17 वर्षीया पुत्री और 13 वर्ष के पुत्र को मंगलवार रात कुल्हाड़ी से काट डाला गया था। अधेड़ की पुत्री से सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया था। मामले में मृतक अधेड़ के भाई ने गांव के एक ही परिवार के 11 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपितों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इसमें महिला समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।फाफामऊ और सोरांव पुलिस ने बड़े गोपनीय तरीके से कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपित आकाश सिंह, अमित, रवि, रिंचू, मनीष, अभय और राजा बेली अस्पताल लेकर पहुंची। साथ ही भट्ठा संचालक, उसके पुत्र व एक अन्य को भी बेली अस्पताल लाया गया। यहां इन सभी का डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया। डाक्टरों की तीन टीम ने नमूने एकत्र किए। एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद काफी हद तक मामला स्पष्ट हो जाएगा।

Related Articles