यूपी में पत्रकार की हत्या पर ममता ने कहा- देश में भय का माहौल

कोलकाता। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या को लेकर बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बुधवार को भाजपा व योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में भय का माहौल हो गया है। आवाजों को दबाया जा रहा है। मीडिया तक को नहीं बख्शा जा रहा है।ममता ने ट्वीट किया, ‘एक निडर पत्रकार विक्रम जोशी के परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। अपनी भतीजी से छेड़छाड़ करने वालों पर एफआइआर दर्ज कराने के लिए उन्हें यूपी में गोली मार दी गई थी। देश में भय का माहौल हो गया है। आवाजों को दबाया जा रहा है। मीडिया को भी नहीं बख्शा जा रहा है।’उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले मंगलवार को भी ममता ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया था। उन्होंने कानपुर एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में हर तरफ ‘जंगल राज’ कायम है। एक ही घटना में कई पुलिसकर्मी मारे गए। आलम यह है कि योगी सरकार ने मामले में सबूत तक मिटवा दिए। उस राज्य के लोग पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी डरते हैं। बताते चलें कि पत्रकार विक्रम जोशी को 20 जुलाई को गाजियाबाद के विजय नगर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Related Articles