UPSC ESE 2027: UPSC ESE 2027 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 480 इंजीनियरिंग पदों के लिए शुरू हुए आवेदन

UPSC ESE 2027: सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और ईएंडटीसी शाखा के अभ्यर्थी 6 अक्टूबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन, प्रीलिम्स परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी।

UPSC ESE 2027: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन (ESE) 2027 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इंजीनियरिंग की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार केंद्र सरकार की विभिन्न ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ सेवाओं में भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से लगभग 480 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें से 19 पद दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।

इन इंजीनियरिंग शाखाओं के अभ्यर्थी होंगे पात्र

UPSC ESE 2027 में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (E&T) से संबंधित उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीई/बीटेक की डिग्री होना आवश्यक है।

कब होगी प्रारंभिक परीक्षा?

UPSC के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार इंजीनियरिंग सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो सत्रों में होगी। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

प्रारंभिक परीक्षा कुल 500 अंकों की होगी। इसमें जनरल स्टडीज एवं इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड से जुड़े प्रश्नों के साथ संबंधित इंजीनियरिंग शाखा के विषयों से भी सवाल पूछे जाएंगे।

मुख्य परीक्षा और चयन प्रक्रिया

प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा। मुख्य परीक्षा 18 जून 2027 को प्रस्तावित है। इसके बाद पर्सनैलिटी टेस्ट के जरिए अंतिम चयन किया जाएगा।

आयु सीमा और छूट

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष तक की आयु छूट मिलेगी।

आवेदन शुल्क की जानकारी

पिछले वर्षों की तरह इस बार भी सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये रहने की संभावना है। वहीं महिला, एससी, एसटी और PwBD वर्ग के उम्मीदवारों को शुल्क में छूट मिलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Related Articles