UP Election: 2027 की तैयारी में जुटा NDA, सुभासपा-निषाद पार्टी और RLD ने मांगी ज्यादा सीटें
UP Election: दिल्ली में दिसंबर में हो सकती है अहम बैठक, सुभासपा ने 38, निषाद पार्टी ने 36 और RLD ने करीब 30 सीटों पर जताई दावेदारी
UP Election: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच इस मुद्दे पर शुरुआती स्तर पर बातचीत चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर में दिल्ली में गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हो सकती है। इसमें सहयोगी दलों की मांगों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
इस बैठक में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), निषाद पार्टी, अपना दल (एस) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के नेताओं के शामिल होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने सहयोगी दलों से उन विधानसभा क्षेत्रों की सूची मांगी है, जहां उनका सामाजिक आधार और समर्थक मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं। इसी आधार पर भाजपा गठबंधन में सीटों के बंटवारे का खाका तैयार करना चाहती है।
सुभासपा ने 38 सीटों पर ठोका दावा
सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश राजभर की अगुवाई वाली सुभासपा ने भाजपा को अपनी सीटों की मांग से जुड़ी सूची सौंप दी है। पार्टी की ओर से करीब 38 विधानसभा सीटों पर दावा किए जाने की जानकारी सामने आई है। सुभासपा का मानना है कि पूर्वांचल के कई क्षेत्रों में पिछड़े वर्गों के बीच उसका प्रभाव है। इसी सामाजिक और राजनीतिक आधार को देखते हुए पार्टी अधिक सीटें चाहती है।
निषाद पार्टी ने मांगी 36 विधानसभा सीटें
निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की ओर से भी गठबंधन में सीटों को लेकर मजबूत दावेदारी पेश किए जाने की बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी करीब 36 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक है। निषाद समुदाय की आबादी और विभिन्न क्षेत्रों में उसके प्रभाव को पार्टी अपनी मांग का प्रमुख आधार मान रही है।
RLD की नजर करीब 30 सीटों पर
राष्ट्रीय लोक दल (RLD) भी आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश में है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी करीब 30 सीटों की मांग कर सकती है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में RLD ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर 35 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इनमें से नौ सीटों पर जीत हासिल की थी। बाद में पार्टी ने सपा से अलग होकर NDA का दामन थाम लिया था।
अपना दल (एस) की रणनीति पर भी नजर
अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व वाला अपना दल (एस) फिलहाल अपनी सीटों की मांग को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई संख्या सामने नहीं लाया है। हालांकि, माना जा रहा है कि पार्टी कुर्मी बहुल इलाकों में अपने प्रभाव और पिछले चुनावों में प्रदर्शन के आधार पर अधिक सीटों की मांग कर सकती है। भाजपा के साथ होने वाली बातचीत में पार्टी की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भाजपा सर्वे के आधार पर तय करना चाहती है सीटों का गणित
भाजपा सहयोगी दलों की मांगों के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्रों में उनके प्रभाव का आकलन भी कर रही है। पार्टी यह जानने की कोशिश में है कि किन सीटों पर सहयोगी दलों के समर्थक मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं। इसके लिए पिछले चुनावों का प्रदर्शन, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय पकड़ और सीटवार जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में प्रस्तावित बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। हालांकि, बैठक की तारीख और इसमें शामिल होने वाले नेताओं को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
2022 के चुनाव में सहयोगी दलों का प्रदर्शन
पिछले विधानसभा चुनाव में NDA के सहयोगी दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई थी। सुभासपा ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से छह को जीत मिली थी। निषाद पार्टी ने कुल 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें पांच उम्मीदवार भाजपा के चुनाव चिह्न पर और छह निषाद पार्टी के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे थे।
वहीं, अपना दल (एस) ने 18 सीटों पर चुनाव लड़कर 13 सीटें जीती थीं। दूसरी ओर, RLD ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 35 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और नौ सीटों पर सफलता हासिल की थी।
फिलहाल NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। दिसंबर में प्रस्तावित बैठक में सहयोगी दलों की मांगों, उनके क्षेत्रीय प्रभाव और चुनावी प्रदर्शन के आधार पर आगे की रणनीति पर विचार किया जा सकता है।



