Asian Games 2026: फाइनल का सपना टूटा, अब कांस्य पदक के लिए उतरेंगी क्विंसी डिसूजा
Asian Games 2026: महिला टेकबॉल सिंगल्स के सेमीफाइनल में हार के बावजूद भारतीय खिलाड़ी क्विंसी डिसूजा की पदक की उम्मीद बरकरार है। अब वह कांस्य पदक मुकाबले में चुनौती पेश करेंगी।
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत की क्विंसी डिसूजा महिला टेकबॉल एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में हार गईं। इंडोनेशिया की सुमाया ने उन्हें तीन सेट तक चले मुकाबले में मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
क्विंसी ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की और पहला सेट 12-7 से अपने नाम किया। हालांकि इसके बाद सुमाया ने वापसी करते हुए अगले दो सेट जीत लिए। इसी के साथ भारतीय खिलाड़ी का फाइनल में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया।
अभी खत्म नहीं हुई पदक की उम्मीद
सेमीफाइनल में हार के बावजूद क्विंसी की पदक की दौड़ जारी है। अब वह कांस्य पदक मुकाबले में लेबनान की कमार डंडाल के खिलाफ उतरेंगी। इस मैच में जीत उन्हें एशियन गेम्स का ऐतिहासिक पदक दिला सकती है।
शुरुआती दौर में किया था शानदार प्रदर्शन
क्विंसी ने टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया। उन्होंने दुनिया की सातवें नंबर की जापानी खिलाड़ी यिउन साकामोटो को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके बाद कंबोडिया की खिलाड़ी को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
फुटबॉल से शुरू हुआ खेल सफर
मुंबई की रहने वाली क्विंसी डिसूजा पेशे से टेस्ट इंजीनियर हैं। वह पहले फुटबॉल खेलती थीं और अंडर-19 स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। बाद में टेकबॉल में रुचि बढ़ी और उन्होंने इसी खेल में अपना करियर बनाया।
पहली बार एशियन गेम्स में शामिल टेकबॉल
टेकबॉल को पहली बार एशियन गेम्स का हिस्सा बनाया गया है। यह खेल फुटबॉल और टेबल टेनिस का अनोखा मिश्रण है, जिसमें खिलाड़ी पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों की मदद से गेंद को घुमावदार टेबल पर खेलते हैं।



