Phoolan Movie: टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में चमकी ‘फूलन’, प्रीमियर शो के बाद दर्शकों ने किया सम्मान
Phoolan Movie: रिची मेहता की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फूलन’ को TIFF 2026 में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ पूरी टीम का स्वागत किया।
Phoolan Movie: निर्देशक रिची मेहता की फिल्म ‘फूलन’ ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर फेस्टिवल के प्रतिष्ठित मंच पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में दर्शकों ने इसे देखा और सराहा।
स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया इतनी उत्साहजनक रही कि थिएटर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। फिल्म को मिले इस सम्मान ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ा दिया।
स्नेहा कुमारी की परफॉर्मेंस रही चर्चा में
फिल्म में फूलन देवी की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री स्नेहा कुमारी ने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रीमियर में मौजूद लोगों ने उनके किरदार को प्रभावशाली और भावनात्मक बताया।
इस अवसर पर कलाकारों के साथ निर्देशक रिची मेहता और फिल्म की निर्माण टीम भी मौजूद रही।
फूलन देवी के जीवन के अहम अध्याय पर आधारित कहानी
फिल्म की कहानी फूलन देवी के जीवन के एक महत्वपूर्ण दौर पर केंद्रित है। इसमें उन घटनाओं को दिखाया गया है, जब उन्हें पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया था।
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म का उद्देश्य उनकी पूरी जीवनी दिखाना नहीं, बल्कि जीवन के एक निर्णायक मोड़ को पर्दे पर उतारना है।
आत्मकथा से ली गई प्रेरणा
‘फूलन’ की कहानी फूलन देवी की चर्चित आत्मकथा ‘I, Phoolan Devi: The Autobiography of India’s Bandit Queen’ से प्रेरित है। फिल्म में उनके संघर्ष, सामाजिक परिस्थितियों और पहचान की लड़ाई को दर्शाने की कोशिश की गई है।
निर्देशक ने बताई फिल्म बनाने की वजह
रिची मेहता का कहना है कि फूलन देवी का जीवन भारतीय समाज और इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके अनुसार, कहानी का वह दौर सबसे ज्यादा आकर्षक था, जब दुनिया उन्हें पूरी तरह नहीं जानती थी और उनके बारे में कई तरह की धारणाएं बनी हुई थीं।
TIFF में मिली सराहना के बाद अब फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों और समीक्षकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।



