AAP ने WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

मुंबई। आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिला पहलवानों का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को यह प्रदर्शन किया।

‘आप’ नेता रूबेन मैस्करेनहास, पीयूष वर्गीज, संजय बेदिया, नीत सुखतांकर, पार्टी कार्यर्ताओं और नेताओं ने मुंबई के वर्सोवा उपनगर के कदम नगर में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन स्थल पर ‘आप’ की मुंबई क्षेत्र अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि देश की लड़कियां जिन्होंने विभिन्न अवसरों पर देश का नाम रोशन किया है वे कुछ दिनों से न्याय के लिए प्रदर्शन कर रही हैं लेकिन केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी शोषण करने वाले को बचाने की कोशिश कर रही है।

‘आप’ नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर साधारण टिप्पणी तक नहीं की। वह उन लड़कियों को न्याय दिलाने में झिझक रहे हैं जिन्होंने हमारे देश का नाम पूरे देश में रोशन किया है और हमारे तिरंगे को गौरवान्वित किया है। जो व्यक्ति उन्हें न्याय नहीं दिला सकता, वह प्रधानमंत्री नहीं रह सकता है। हम अपराध करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग करते हैं।’’ गौरतलब है कि पहलवान 23 अप्रैल से ही दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपी सिंह के खिलाफ फौजदारी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles