अपनी ही बेटी का यौन शोषण करते थे पिता और चाचा दोनों, गिरफ्तार

कोलकाता। उत्तर चौबीस परगना जिले के बागदा थाना इलाके की पुलिस एक नाबालिग के अपहरण की जांच करने जब मैदान में उतरी तो सच्चाई जानकर पुलिस के भी होश उड़ गए। हकीकत यह थी कि पिता और चाचा की यौन उत्पीड़न से बचने के लिए लड़की भागकर मुंबई अपनी मौसी के पास चली गई थी। इस काम में इलाके के ही एक युवक ने उसकी मदद की थी। लड़की के गायब होने पर उसके पिता ने उसके अपहरण होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। सच्चाई का पर्दाफाश होते ही पुलिस ने लड़की के पिता और चाचा दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ये दोनों सलाखों के पीछे हैं।पुलिस का कहना है कि जिस युवक पर अपहरण का आरोप था वह अपने ही घर में था। वह भागा नहीं था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस जब लड़की को मुंबई से बंगाल लाई तब सच्चाई का पता चला। लड़की ने बताया कि उसके पिता काशेम मंडल और चाचा कबीर मंडल दोनों उसके साथ यौन उत्पीड़न करते थे। उनके हवस से बचने के लिए वे भागकर अपनी मौसी के पास गई थी। यह घटना उत्तर 24 परगना के बागदा थाना क्षेत्र के हेलेंचा ग्राम पंचायत क्षेत्र की है।पुलिस का कहना है कि काशेम मंडल ने एक स्थानीय युवक के खिलाफ पिछले अगस्त महीने में उसकी बेटी का अपहरण करने का मामला दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि युवक उसकी बेटी को लेकर फरार हो गया है। 22 अगस्त को बागदा पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि लंबे समय से उसके पिता और चाचा दोनों उसका यौन शोषण कर रहे थे। जिस युवक पर अपहरण का आरोप लगाया गया है, वह गलत है। उस युवक ने उसकी मदद की है। बागदा थाने की पुलिस ने दोनों को बनगांव अनुमंडल न्यायालय में भेज दिया। इस बीच जैसे ही इस बर्बर घटना की खबर सामने आई तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया। क्षेत्रवासियों ने आरोपित काशेम मंडल व कबीर मंडल को उचित सजा देने की भी मांग की है।

Related Articles