Hanuman Ansh: हनुमान अंश विवाद के बाद बंद हुआ मुंबई का गेटी-गैलेक्सी थिएटर, पुलिस जांच में मिलीं कई खामियां
Hanuman Ansh:
मुंबई के बांद्रा स्थित प्रसिद्ध गेटी-गैलेक्सी थिएटर को पुलिस ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह कार्रवाई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के शो को लेकर हुए विवाद के बाद की गई। बताया जा रहा है कि कुछ संगठनों ने थिएटर के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया था कि फिल्म को पर्याप्त शो नहीं दिए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अन्य फिल्मों के पोस्टर भी फाड़ दिए थे। मामले में 10 से 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने थिएटर की विस्तृत जांच शुरू की।
जांच के दौरान कई तकनीकी और प्रशासनिक कमियां सामने आईं। अधिकारियों को पता चला कि थिएटर संचालन से जुड़े कुछ जरूरी लाइसेंस और प्रमाणपत्र वर्षों से रिन्यू नहीं कराए गए थे। इसके अलावा सुरक्षा मानकों और संचालन व्यवस्था से जुड़ी अन्य खामियां भी मिलीं।
इन अनियमितताओं के आधार पर पुलिस ने थिएटर प्रबंधन को नोटिस जारी किया और गेटी-गैलेक्सी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। फिलहाल यहां सभी फिल्मों के शो रोक दिए गए हैं।
साल 1972 में शुरू हुआ गेटी-गैलेक्सी मुंबई के सबसे चर्चित और ऐतिहासिक सिनेमाघरों में गिना जाता है। ऐसे में इसके बंद होने की खबर फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, हनुमान अंश फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है।
written by Siddhi Srivastava



