Gujarat: बनासकांठा में PM मोदी का रोड शो, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के नारों से गूंजा इलाका; पोस्टर लेकर पहुंचीं महिलाएं

गुजरात दौरे की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा में रोड शो किया। इस दौरान लोगों ने पोस्टर लेकर उनका स्वागत किया। पीएम ने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की।

Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे की शुरुआत बनासकांठा में एक भव्य रोड शो के साथ हुई। 30 अक्टूबर को जब पीएम मोदी यहां पहुंचे तो सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। प्रधानमंत्री खुले वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। इस दौरान भीड़ के बीच कुछ ऐसे पोस्टर दिखाई दिए, जिन्होंने सभी का ध्यान खींचा। लोग हाथों में तख्तियां लेकर ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के नारे लगा रहे थे।

इस रोड शो में एक खास बात यह भी रही कि बनास डेयरी से जुड़ी महिलाएं भी पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचीं। इन पोस्टरों पर प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में संदेश लिखे थे। कुछ तख्तियों पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई से जुड़ा संदेश था, जबकि अन्य पोस्टरों में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य पूरा होने तक मोदी के कहीं नहीं जाने की बात कही गई।

खुले वाहन में सवार होकर लोगों के बीच पहुंचे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो बनासकांठा जिले के भीलड़ी इलाके में आयोजित किया गया। वह हेलिपैड से बनास डेयरी प्लांट तक खुले वाहन में पहुंचे। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे।

रास्ते में बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे थे। लोगों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया और नारे लगाए। कई लोग मोबाइल फोन से इस पल को रिकॉर्ड करते भी दिखाई दिए। रोड शो के दौरान दिखे पोस्टरों और नारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहीं।

गौरतलब है कि ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ का नारा ऐसे समय में सामने आया है, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री को लेकर की गई एक टिप्पणी पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी चल रही है। बीजेपी ने इस टिप्पणी के जवाब में इसी संदेश के साथ सोशल मीडिया पर अभियान भी चलाया था।

IVF लैब और पशु अनुसंधान केंद्र का किया दौरा

रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का दौरा किया। यहां उन्होंने पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से भी बातचीत की।

भीलड़ी में स्थापित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्देश्य पशुओं की नस्ल में सुधार, बेहतर प्रजनन तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना है। इस केंद्र में खास तौर पर कांकरेज नस्ल के पशुओं के संरक्षण और विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। डेयरी क्षेत्र से जुड़े किसानों और पशुपालकों के लिए इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत देश के करीब 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजे जाने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को भी इस योजना का लाभ मिला है। बनासकांठा के किसानों के खातों में भी करीब 50 करोड़ रुपये पहुंचे हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने राज्य में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रेल सेवाओं से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

किसानों को बताया विकसित भारत का मजबूत स्तंभ

विकास परियोजनाओं के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने किसानों, पशुपालकों और महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र किया। मोदी ने कहा कि किसान विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं और उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण तथा उन्हें सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी है।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2013-14 की तुलना में देश का कृषि बजट पांच गुना से अधिक हो गया है। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि को छोटे किसानों के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उनके मुताबिक, इस योजना से करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों की आय और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और नई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। बनासकांठा में डेयरी और पशु अनुसंधान से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

Gig Workers: गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा के लिए केंद्र की पहल, सरकार ने गठित किया नया बोर्ड

दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर हैं। बनासकांठा में रोड शो, किसान सम्मान निधि की किस्त जारी करने और विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों के बाद उनका अगला पड़ाव एकता नगर है। यहां वह भारत पर्व और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

बनासकांठा में उनके रोड शो के दौरान लोगों की मौजूदगी, पोस्टर और नारों ने खासा ध्यान खींचा। वहीं, किसान सम्मान निधि की किस्त और डेयरी-पशुपालन से जुड़ी परियोजनाएं भी इस दौरे के प्रमुख हिस्से रहीं।

Related Articles