Cyclone Akvan: चक्रवात ‘अकवान’ हुआ और शक्तिशाली, 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान; तमिलनाडु समेत कई राज्यों में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। IMD के मुताबिक, 20 नवंबर को नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है।

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Cyclone Akvan) अब और शक्तिशाली हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, यह तूफान गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मौसम बदलने लगा है। वहीं, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि चक्रवात 19 नवंबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के बीच दस्तक देने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।

तेजी से नहीं, धीमी रफ्तार से बढ़ रहा चक्रवात

भारतीय मौसम विभाग के 18 नवंबर की सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात अकवान पिछले छह घंटों में लगभग 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। सुबह 5:30 बजे यह बंगाल की खाड़ी के मध्य दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित था।

उस समय तूफान चेन्नई से लगभग 580 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापट्टनम से करीब 610 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में था। धीमी गति के बावजूद इसकी ताकत लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने इसे गंभीर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में दर्ज किया है।

कब और कहां होगा Cyclone Akvan का लैंडफॉल?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात अकवान 19 नवंबर तक और ताकतवर हो सकता है। इसके बाद 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के बीच नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच लैंडफॉल होने की संभावना है।

IMD के 18 नवंबर सुबह के अपडेट में अनुमान जताया गया है कि तूफान तट से टकराते समय गंभीर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में रह सकता है। इस दौरान अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। हालांकि, इससे पहले जारी पूर्वानुमान में हवा की रफ्तार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।

तमिलनाडु समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अकवान के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। इसका सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और आसपास के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है।

IMD के मुताबिक:

  • तमिलनाडु और पुडुचेरी: 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 18 से 20 नवंबर के बीच तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

  • आंध्र प्रदेश: 19 और 20 नवंबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का खतरा है।

  • तेलंगाना: 20 और 21 नवंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

  • ओडिशा: दक्षिणी तटीय इलाकों में 19 से 21 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

  • छत्तीसगढ़: 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

  • पश्चिम बंगाल और झारखंड: पश्चिम बंगाल में 19 और 20 नवंबर, जबकि झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इस तरह चक्रवात का प्रभाव केवल समुद्र तटीय राज्यों तक सीमित नहीं रहने वाला है। इसके कारण मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है।

Azam Khan Bail: ‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा’, आजम खां की अंतरिम जमानत पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, ED की रोक लगाने की मांग खारिज; कल फिर सुनवाई

मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया

चक्रवात की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। आंध्र प्रदेश और यानम के तटीय इलाकों में 19 नवंबर की रात से 20 नवंबर को लैंडफॉल तक हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

समुद्र में लहरें भी बेहद ऊंची उठ सकती हैं। आंध्र प्रदेश के निचले तटीय इलाकों में समुद्री जलस्तर बढ़ने और पानी भरने का खतरा जताया गया है। प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा और विशाखापट्टनम जैसे जिलों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है।

फिलहाल मौसम विभाग लगातार चक्रवात की दिशा, गति और तीव्रता पर नजर बनाए हुए है। अगले 48 घंटों में इसकी स्थिति बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। ऐसे में तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles