Akshay Kumar: अक्षय कुमार ने बताया क्यों कुछ बड़े फिल्ममेकर नहीं देते उन्हें अपनी फिल्मों में जगह

Akshay Kumar: करण जौहर के शो में अक्षय ने बताया अपना काम करने का तरीका

Akshay Kumar: बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार ने फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के तौर-तरीकों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ में इस बार अक्षय कुमार और अभिनेता रवि किशन साथ नजर आए। शो के दौरान दोनों ने अपने फिल्मी सफर और सेट पर काम करने के अनुभव साझा किए। बातचीत में अक्षय ने बताया कि इंडस्ट्री के कई बड़े लोग उन्हें अपनी फिल्मों का हिस्सा बनाने से बचते हैं। इसकी वजह उन्होंने अपना सीमित वर्किंग शेड्यूल बताया।

शो में करण जौहर ने अक्षय कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वह नए निर्देशकों के साथ काम करने के लिए तैयार रहते हैं। साथ ही फिल्म के निर्माता और निर्देशक, दोनों के हितों का ध्यान रखते हैं। करण की इस बात पर अक्षय ने कहा कि एक वजह यह भी है कि कई बड़े लोग उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं करना चाहते। वे कहते हैं कि अक्षय सिर्फ आठ घंटे काम करते हैं।

शूटिंग के दौरान काम पर रहता है पूरा ध्यान

अक्षय कुमार ने अपने काम करने के तरीके के बारे में बताते हुए कहा कि जब वह सेट पर होते हैं तो कहीं और नहीं जाते। वह निर्धारित आठ घंटे पूरी मेहनत के साथ शूटिंग करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इन आठ घंटों के दौरान वह वैनिटी वैन तक नहीं जाते। उनका कहना था कि काम के समय उनका पूरा ध्यान शूटिंग पर रहता है।

अक्षय की बात सुनकर रवि किशन ने भी उनके अनुभव की पुष्टि की। रवि ने कहा कि वह अभिनेता के साथ चार फिल्मों में काम कर चुके हैं और उन्होंने अक्षय को हमेशा पूरी लगन से काम करते देखा है।

रवि किशन बोले- निर्माता का पैसा भी बचाते हैं अक्षय

रवि किशन ने अक्षय कुमार की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि वह सिर्फ मेहनत से काम ही नहीं करते, बल्कि फिल्म के निर्माता के बजट का भी ध्यान रखते हैं। उनके अनुसार, अक्षय कम समय में फिल्म की शूटिंग पूरी करने पर जोर देते हैं, जिससे प्रोडक्शन का खर्च नियंत्रित रहता है।

रवि ने बताया कि किसी फिल्म की यूनिट में सामान्य तौर पर 300 से 400 लोग काम करते हैं। शूटिंग समय पर पूरी होने से इन सभी लोगों का समय बचता है और निर्माता को भी अनावश्यक खर्च नहीं उठाना पड़ता। उन्होंने कहा कि अक्षय करीब 55 दिनों में फिल्म पूरी कर लेते हैं।

रवि किशन की शो में पहली एंट्री

‘कॉफी विद करण 9’ में रवि किशन पहली बार मेहमान के रूप में शामिल हुए। दूसरी ओर, अक्षय कुमार इस चैट शो में पांचवीं बार पहुंचे। वह वर्ष 2014 में पहली बार करण जौहर के शो में नजर आए थे। इस बार दोनों कलाकारों की बातचीत में फिल्म इंडस्ट्री, काम के अनुशासन और शूटिंग के अनुभव जैसे विषय शामिल रहे।

‘हैवान’ में नजर आए अक्षय कुमार

फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार को हाल ही में प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैवान’ में देखा गया। इस फिल्म में सैफ अली खान भी अहम भूमिका में नजर आए।

Related Articles