Assistant Professor Recruitment: UPESSC ने जारी की असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की
Assistant Professor Recruitment: आयोग की वेबसाइट पर प्रश्नपत्र और रिस्पांस शीट भी उपलब्ध
Assistant Professor Recruitment: उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने भर्ती परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। इसके साथ ही आयोग ने मास्टर्स प्रश्नपत्र और अभ्यर्थियों की रिस्पांस शीट भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है। उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और किसी सवाल या उसके उत्तर पर असहमति होने की स्थिति में निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए 29 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक का समय दिया गया है। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन और आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाना होगा।
19 और 20 नवंबर को हुई थी परीक्षा
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का आयोजन 19 और 20 नवंबर 2026 को किया गया था। परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में संपन्न हुई थी। इस भर्ती अभियान के तहत प्रदेश के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में कुल 1,936 पदों को भरा जाना है। इनमें सहशिक्षा महाविद्यालयों के 1,564 पद और महिला महाविद्यालयों के 372 पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया 42 विषयों के लिए आयोजित की जा रही है।
दो घंटे की परीक्षा में पूछे गए थे 120 सवाल
लिखित परीक्षा कुल 360 अंकों की थी और इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया था। प्रश्नपत्र में कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल थे। इनमें 30 सवाल सामान्य ज्ञान और 90 प्रश्न संबंधित विषय से जुड़े थे। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक निर्धारित थे, जबकि गलत जवाब देने पर एक अंक काटे जाने का प्रावधान था।
इस तरह दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
अभ्यर्थी सबसे पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की आंसर-की से संबंधित लिंक खोलकर अपने लॉगिन विवरण के माध्यम से प्रश्नपत्र और रिस्पांस शीट देख सकते हैं। इसके बाद उत्तर कुंजी से अपने जवाबों का मिलान करें। यदि किसी प्रश्न या उसके निर्धारित उत्तर में त्रुटि नजर आती है, तो संबंधित विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं। प्रत्येक सवाल पर आपत्ति के लिए 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि निर्धारित समय सीमा से पहले ही पूरी प्रक्रिया पूरी कर लें।
लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू से होगा चयन
असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर चयन की प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ इंटरव्यू भी शामिल है। लिखित परीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण में 40 अंकों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। अंतिम चयन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।



