Narendra Modi: अपनी विरासत और आदिवासी नायकों को सम्मान दे रहा भारत: पीएम मोदी

Narendra Modi: जनजातीय गौरव दिवस पर बोले प्रधानमंत्री- पहले विदेशी नजरिए से तय होते थे देश के उत्सव

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा था, जब देश के कई दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण के आधार पर तय किए जाते थे। अब भारत अपनी सभ्यता, संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और महान नायकों को स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। प्रधानमंत्री के इस बयान को कांग्रेस पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की राष्ट्रीय चेतना में यह बदलाव महत्वपूर्ण है। भारत अब अपने इतिहास और परंपराओं को अपने नजरिए से देख रहा है तथा उन महान व्यक्तित्वों को सम्मान दे रहा है, जिनका योगदान देश की पहचान का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर 2021 को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। आज यह आयोजन देशव्यापी उत्सव बन चुका है।

जनजातीय समाज के सम्मान का प्रतीक बना दिवस

पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का संबंध केवल किसी एक कार्यक्रम से नहीं, बल्कि पूरे जनजातीय समाज के गौरव और सम्मान से है। इस अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई जाती है। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों को बधाई दी और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में शुरू हुई इस पहल ने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन आयोजनों में करोड़ों लोगों ने हिस्सा लेकर जनजातीय समाज के इतिहास और योगदान को याद किया।

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं बिरसा मुंडा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के अलग-अलग हिस्सों में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से भारत अपने आदिवासी नायक-नायिकाओं के योगदान को गर्व के साथ याद कर रहा है।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान और उनके संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि कम उम्र में उन्होंने जिस साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके जीवन और संघर्ष से आने वाली पीढ़ियों को देश, समाज और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सीख मिलती है।

Related Articles