Nishad Party: बारा विधायक ने निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं का किया सम्मान, समाज की एकजुटता पर दिया जोर
Nishad Party: एमवी कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा, दीपावली की खुशियां भी बांटीं।
Nishad Party: दीपावली के अवसर पर घूरपुर के समीप गौहनिया स्थित एमवी कॉन्वेंट स्कूल में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। बारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. वाचस्पति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में निषाद पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान विधायक डॉ. वाचस्पति ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। निषाद समाज ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है और बारा विधानसभा क्षेत्र में मिली जीत में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विधायक ने कहा, “निषाद पार्टी न होती तो हम जीत नहीं पाते। निषाद समाज ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है और बारा विधानसभा की जीत में निषाद समाज की सबसे बड़ी भूमिका है।”
उन्होंने विपक्ष पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग भाई को भाई से लड़ाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा, “ऊपर वाले को छोड़िए, ये लोग भाई-भाई में लड़वाते हैं। ये समाज को तोड़ने का काम करते हैं, लेकिन निषाद पार्टी और भाजपा समाज को जोड़ने का काम करती है।”
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर दीपावली की खुशियां मनाईं और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने भी सभी को दीपावली की बधाई देते हुए निषाद समाज के उत्थान और सम्मान के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प दोहराया।
समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।



