Gorakhpur News: गुरु गोरखनाथ की शरण में पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम योगी ने किया अभिनंदन

Gorakhpur News: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा की, योगी ने भेंट की गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा।

Gorakhpur News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को अपने गोरखपुर दौरे की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ की। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के चरणों में शीश नवाया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

विश्व प्रसिद्ध नाथपंथ की प्रमुख पीठ गोरखनाथ मंदिर में पहुंचने पर नितिन नबीन ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

योगी आदित्यनाथ ने दी मंदिर की परंपराओं की जानकारी

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ नाथपंथ की प्राचीन परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ की शिक्षाओं और इस पीठ की विशिष्ट पहचान से भी उन्हें परिचित कराया।

गोरक्षपीठाधीश्वर ने नितिन नबीन को अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।

प्रसाद ग्रहण करने के बाद पार्टी कार्यक्रम में हुए शामिल

गोरखनाथ मंदिर में दर्शन और भ्रमण का कार्यक्रम पूरा करने के बाद नितिन नबीन ने मंदिर में प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने जलपान किया और अपने निर्धारित पार्टी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला गोरखपुर आगमन होने के कारण इस दौरे को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खास उत्साह रहा।

कई वरिष्ठ भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

भाजपा अध्यक्ष के मंदिर आगमन के दौरान पार्टी संगठन और सरकार से जुड़े कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े शामिल रहे।

इसके अलावा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल, विजय दुबे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और विधायक विपिन सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Related Articles