Sara Arjun New Movie: ‘धुरंधर’ के बाद सारा अर्जुन की साउथ में एंट्री की चर्चा, राम चरण की RC17 में मिल सकता है बड़ा रोल
Sara Arjun New Movie: सारा अर्जुन को लेकर नई फिल्म की चर्चा तेज, निर्देशक सुकुमार और राम चरण के अगले प्रोजेक्ट में लीड एक्ट्रेस बनाए जाने का रिपोर्ट में दावा; आधिकारिक ऐलान का इंतजार
Sara Arjun New Movie: फिल्म ‘धुरंधर’ में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाली सारा अर्जुन इन दिनों अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की सफलता के बाद से ही उनके नए काम को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच खबर सामने आई है कि अभिनेत्री राम चरण की अगली फिल्म में नजर आ सकती हैं। बताया जा रहा है कि निर्देशक सुकुमार की इस फिल्म में सारा अर्जुन को मुख्य अभिनेत्री के तौर पर शामिल करने की चर्चा है।
हालांकि, इस संभावित कास्टिंग पर अभी तक सारा अर्जुन, राम चरण या फिल्म के निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इसलिए अभिनेत्री के फिल्म में शामिल होने की खबर की पुष्टि होना अभी बाकी है।
राम चरण की RC17 को लेकर क्या चल रही है तैयारी?
राम चरण की आगामी फिल्म को फिलहाल ‘RC17’ के नाम से जाना जा रहा है। निर्देशक सुकुमार के साथ बनने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राम चरण अपनी फिल्म ‘पेद्दी’ के बाद कुछ समय के ब्रेक पर हैं। चोट और सर्जरी से उबरने के बाद वह अपने अगले प्रोजेक्ट की तैयारियों में जुटेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, सुकुमार ने फिल्म की स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दे दिया है और फिलहाल प्री-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। फिल्म के भव्य लॉन्च को दशहरे के आसपास आयोजित किए जाने की चर्चा है। वहीं, इसकी शूटिंग दिसंबर में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
सारा अर्जुन को पसंद आई फिल्म की कहानी?
तेलुगु 360 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सारा अर्जुन को राम चरण की इस फिल्म के लिए चुना गया है। खबरों के अनुसार, अभिनेत्री को फिल्म की कहानी पसंद आई और उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए सहमति भी दे दी है।
‘धुरंधर’ के बाद सारा अर्जुन ने किसी नई फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वह अपनी अगली फिल्म को लेकर सावधानी से फैसला ले रही हैं। ऐसे में राम चरण की फिल्म से उनका नाम जुड़ना उनके प्रशंसकों के लिए दिलचस्प खबर है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फिल्म में उनकी भूमिका कैसी होगी। आधिकारिक घोषणा के बाद ही उनकी कास्टिंग और किरदार से जुड़ी जानकारी सामने आ सकेगी।
फिल्म के संगीत को लेकर भी जारी है चर्चा
राम चरण और सुकुमार की इस फिल्म के म्यूजिक कंपोजर को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगीत तैयार करने के लिए अनिरुद्ध और शाश्वत सचदेव के नामों पर विचार किया जा रहा है। इनमें से किसे अंतिम रूप दिया जाएगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स कर रहे हैं। अभी तक फिल्म का आधिकारिक नाम घोषित नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स में इसे 2028 में रिलीज किए जाने की संभावना जताई गई है।
‘पेद्दी’ में जान्हवी कपूर को लेकर हुई थी आलोचना
राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ में जान्हवी कपूर की प्रस्तुति को लेकर भी काफी चर्चा देखने को मिली थी। फिल्म में अभिनेत्री को जिस अंदाज में पेश किया गया, उसे लेकर सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने आलोचना की थी और मेकर्स को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। हालांकि, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कारोबार किया।
अब राम चरण की अगली फिल्म को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यदि सारा अर्जुन के नाम पर मुहर लगती है, तो ‘धुरंधर’ के बाद यह उनके करियर का एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हो सकता है। हालांकि, दर्शकों को इस खबर की पुष्टि के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।



