CBSE Board: मार्कशीट में नाम या जन्मतिथि गलत हुई तो मुश्किल, CBSE ने जारी किए सख्त निर्देश
CBSE Board: CBSE ने स्कूलों से कहा- बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों की सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह सत्यापित करें, अधूरे सुधार आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
CBSE Board: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बोर्ड परीक्षा से पहले छात्र रिकॉर्ड की शुद्धता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश दिया है कि छात्रों के नाम, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत विवरण बिना किसी त्रुटि के दर्ज किए जाएं। CBSE का कहना है कि मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों में गलत जानकारी छात्रों के भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है।
रिकॉर्ड सत्यापन पर विशेष जोर
CBSE ने कहा है कि छात्रों की जानकारी स्कूल के मूल दस्तावेजों से मेल खानी चाहिए। एडमिशन रिकॉर्ड, स्कॉलर रजिस्टर, ट्रांसफर सर्टिफिकेट और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों में दर्ज विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच की जाए। स्कूल प्रशासन और अभिभावकों को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
हर चरण पर होगी क्रॉस चेकिंग
बोर्ड के अनुसार, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, उम्मीदवार सूची (LOC) तैयार करने और एडमिट कार्ड जारी करने जैसे प्रत्येक चरण में छात्र विवरण की जांच की जाएगी। यदि किसी स्तर पर त्रुटि मिलती है तो निर्धारित समय के भीतर उसे ठीक करने का अवसर भी उपलब्ध रहेगा।
सुधार के लिए मिलते हैं कई मौके
CBSE ने बताया कि कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक छात्रों की जानकारी सत्यापित करने के कई अवसर दिए जाते हैं। इसके बावजूद रिजल्ट जारी होने के बाद बड़ी संख्या में सुधार संबंधी आवेदन प्राप्त होते हैं। ऐसे मामलों में अक्सर दस्तावेज अधूरे या अस्पष्ट पाए जाते हैं, जिससे प्रक्रिया लंबी हो जाती है।
अधूरे दस्तावेजों पर नहीं होगी कार्रवाई
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि सुधार अनुरोध के साथ जरूरी प्रमाणित रिकॉर्ड नहीं लगाए गए तो आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्कूलों को छात्रों के पुराने और वर्तमान रिकॉर्ड को प्रमाणित कर भेजना होगा। साथ ही सभी दस्तावेज स्पष्ट और पूर्ण होने चाहिए।
स्कूलों को दी गई अंतिम चेतावनी
CBSE ने कहा है कि छात्र रिकॉर्ड की शत-प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित करना स्कूलों की जिम्मेदारी है। यदि रिकॉर्ड में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित मामलों में कार्रवाई की जा सकती है। बोर्ड ने सभी स्कूलों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।



