RRB Paramedical Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 560 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
इन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती प्रक्रिया के तहत नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट, फार्मासिस्ट, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर, लैब असिस्टेंट, रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन, डायलिसिस टेक्नीशियन, ऑप्टोमेट्रिस्ट और ऑडियोलॉजिस्ट एवं स्पीच थेरेपिस्ट जैसे पद भरे जाएंगे।
विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग पे लेवल निर्धारित किए गए हैं। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट को लेवल-7, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर को लेवल-6 और फार्मासिस्ट को लेवल-5 वेतनमान में रखा गया है।
कब और कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार 15 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा। फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। परीक्षा में शामिल होने के बाद निर्धारित नियमों के तहत शुल्क का आंशिक रिफंड भी मिलेगा।
आयु सीमा और योग्यता
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। नर्सिंग पदों के लिए जीएनएम या बीएससी नर्सिंग, फार्मासिस्ट पद के लिए फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा और अन्य पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में निर्धारित योग्यता अनिवार्य होगी।
तीन चरणों में होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के जरिए किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी।
फिलहाल रेलवे भर्ती बोर्ड ने शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। विस्तृत अधिसूचना में परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
written by Siddhi Srivastava