हिमाचल : मंत्रिमंडल विस्तार की सरगर्मियां तेज

राजभवन में शपथ की तैयारियां शुरू

शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मंत्रणा के बाद प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार की सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। ऐसी जानकारी है कि राजभवन में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अंदर खाते तैयारियां शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार की ओर से राजभवन को केवल 20 लोगों के प्रवेश और इंतजाम करने को कहा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिनों के भीतर नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। इसके पीछे ठोस तर्क यह दिया जा रहा है कि प्रदेश सरकार को सत्ता में आए हुए ढाई साल से अधिक का समय पूरा हो चुका है और प्रदेश मंत्रिमंडल में खाली पड़े तीन पदों को भरने के लिए यह उपयुक्त समय है। प्रदेश मंत्रिमंडल में जगह पाने वाले संभावित भाजपा विधायकों में नूरपुर से भाजपा विधायक राकेश पठानिया, पांवटा साहिब से सुखराम चौधरी और चंबा से विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का नाम भी मंत्री पद के लिए लिया जा रहा है। नाहन से वरिष्‍ठ विधायक राजीव बिंदल के नाम को लेकर दिल्‍ली व नागपुर से दबाव की बात सामने आ रही है। इसके अलावा कर्नल इंद्र सिंह का नाम भी चर्चाओं में है। ऐसे में प्रदेश विधानसभा में रिक्त होने वाले उपाध्यक्ष पद के लिए हमीरपुर जिला से भाजपा विधायक कमलेश कुमारी को जगह मिल सकती है। पहली बार चुनकर विधानसभा पहुंची कमलेश कुमारी की एंट्री के पीछे राजनीतिक समीकरण यहां है कि हमीरपुर जिला को भी प्रतिनिधित्व प्राप्त होगा।

Related Articles