Varanasi: नमो घाट पर 100 विमानों का ‘विंग्स ओवर गंगा’ शो, PM मोदी ने किया रोड शो

Varanasi: वायु सेना के 94वें स्थापना वर्ष पर रिमझिम आसमान में उड़े राफेल, सुखोई और अपाचे; पीएम मोदी के साथ रक्षा मंत्री व सीएम योगी भी रहे मौजूद।

Varanasi: रविवार को धार्मिक नगरी काशी की फिज़ा में सेना के शौर्य और अदम्य साहस का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। भारतीय वायु सेना (IAF) के 94वें स्थापना वर्ष के पावन अवसर पर वाराणसी के ऐतिहासिक ‘नमो घाट’ पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का भव्य प्रदर्शन हुआ। राफेल, सुखोई-30MKI, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर, अपाचे और चिनूक जैसे देश के 100 सबसे आधुनिक फाइटर जेट्स और हेलीकॉप्टरों ने हवा में ऐसे हैरतअंगेज करतब दिखाए कि वहां मौजूद लाखों लोग दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए।

पीएम मोदी का रोड शो और जनसैलाब का अभिवादन इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन से चौकाघाट होते हुए नमो घाट तक पीएम मोदी का भव्य रोड शो आयोजित किया गया। सड़क के दोनों ओर उमड़ी जनता के भारी उत्साह को देखते हुए प्रधानमंत्री ने अपनी गाड़ी रुकवाई और बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए काशीवासियों का अभिवादन किया। इसके बाद नमो घाट पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठकर इस भव्य एयर शो का आनंद लिया।

12 एयरबेस से उड़ान और कड़ा सुरक्षा घेरा काशी में पहली बार इतने विशाल स्तर पर एयरोबेटिक शो आयोजित किया गया, जिसके लिए देश भर के 12 अलग-अलग एयरबेस से विमानों ने उड़ान भरी। लगभग 50 लाख दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूरे शहर को 30 जोन और 50 से अधिक सेक्टरों में बांटा गया था। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए 11,500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी गई।

आसमान में उभरीं ‘महादेव’ और ‘त्रिशूल’ की आकृतियां इस प्रदर्शन में भारतीय वायु सेना की ताकत के साथ-साथ काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक छाप स्पष्ट दिखाई दी। फाइटर जेट्स के कुशल पायलटों ने हवा में ‘महादेव’, ‘त्रिशूल’, ‘रुद्र’, ‘ओंकार’ और ‘काशी’ नाम की विशेष फॉर्मेशन बनाकर पूरी देव नगरी को देशभक्ति और शिवभक्ति के अनूठे संगम में डुबो दिया।

Related Articles