झुंझुनू जिले की आठ नगर पालिकाओं में लगेंगे प्रशासक

झुंझुनू, 20 अगस्त
राजस्थान में झुंझुनू जिले की आठ नगर पालिकाओं के निर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल 21 अगस्त को समाप्त हो रहा है।
कोरोना महामारी की वजह से इन नगर पालिकाओं के चुनाव को आगामी 20 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। इस कारण अब जिले की इन सभी आठ नगर पालिकाओं में प्रशासक लगाया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले में एक नगर परिषद सहित 12 नगरपालिकायें हैं। इनमें से झंझुनू नगरपरिषद, बिसाऊ और पिलानी नगर पालिकाओं के चुनाव पिछले साल नवंबर में हो गए थे, लेकिन आठ नगर पालिकाओं में बोर्ड का कार्यकाल 21 अगस्त को समाप्त होगा। वहीं पिलानी नगर पालिका क्षेत्र में स्थित दूसरी विद्या विहार नगर पालिका में चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं।
जिले में बगड़, चिड़ावा, सूरजगढ़, खेतड़ी, उदयपुरवाटी, नवलगढ़, मुकुंदगढ़ व मंडावा नगर पालिकाओं में पांच साल पहले 2015 में चुनाव हुए थे। शुक्रवार को इनका कार्यकाल समाप्त होगा।
राज्य की 129 नगर निकायों में कोरोना संक्रमण की वजह से चुनाव नहीं हो पा रहे हैं। इनमें झुंझुनू जिले की आठ नगरपालिका भी शामिल है। हालांकि चुनाव की तैयारी काफी समय पहले शुरू हो चुकी थी। पालिका अध्यक्ष एवं वार्डो के आरक्षण भी कर लिए गए हैं। मतदाता सूची का काम भी पूरा हो चुका है, लेकिन कोराना संक्रमण के कारण चुनाव टल गए हैं।

Related Articles