राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल ने चेतन चौहान के निधन पर जताई संवेदना

जयपुर, 17 अगस्त
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उत्तरप्रदेश के कैबिनेट मंत्री और पू्र्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की हैं।
श्री मिश्र ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन पर संवेदना जताते हुए कहा कि मेरी संवेदना उनके परिजनों के साथ है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों को सम्बल प्रदान करें।

इसी तरह श्री गहलोत ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे विचार और प्रार्थनाएं उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी श्री चौहान के निधन से गहरा दुख जताया और कहा कि उनका निधन भारतीय खेल बिरादरी के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने दुख जताते हुए कहा कि श्री चौहान के असामयिक निधन से उन्हें गहरा दुःख पहुंचा है। अपनी राजनीतिक पारी के दौरान उन्होंने हमेशा ज़मीन और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। वह एक नेकदिल और भले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि श्री चौहान खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जनता की सेवा और भाजपा को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। उनके निधन से उन्हें दुख पहुंचा हैं। उन्होंने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि श्री चौहान का कोरोना से रविवार को निधन हो गया।

Related Articles