सारेगामापा लिटिल चैंप्स की थीम होगी ‘हैप्पी बर्थडे इंडिया’

पाॅपुलर सिंगिंग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स में इस वीकेंड के एपिसोड में 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा और इस बार इस शो की थीम होगी ‘हैप्पी बर्थडे इंडिया’! इस मौके पर मशहूर गीतकार, शायर और स्क्रीन राइटर मनोज मुंतशिर खास मेहमान के रूप में नजर आएंगे। शूटिंग के दौरान जहां सभी प्रतिभागियों ने अपनी जोरदार परफॉर्मेंस से जजों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं आर्यनंदा और रणिता बनर्जी ने लता मंगेशकर के गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों पर’ एक शानदार परफॉर्मेंस देकर सभी का ध्यान खींच लिया। असल में इस मौके पर मेहमान बनकर पहुंचे मनोज मुंतशिर उनकी सुरीली आवाज पर इतने फिदा हो गए कि उन्होंने ऐसा काॅंप्लीमेंट दिया जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी! सारेगामापा लिटिल चैंप्स के इस एपिसोड का प्रसारण शनिवार रात आठ बजे जी टीवी पर होगा।
मनोज ने 1963 की उस घटना को याद किया, जब लेजेंडरी लता मंगेशकर ने यह गाना गाया था और इसे सुनकर जवाहरलाल नेहरू रो पड़े थे। मनोज ने कहा, ‘‘इन दोनों बच्चों को शायद यह नहीं पता होगा कि भारत रत्न लता मंगेशकर जी ने पंडित नेहरू जी के सामने यही गीत गाया था और उन्हें लाइव गाते हुए सुनकर नेहरू जी की आंखों से आंसू छलक पड़े थे। मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं यदि आज नेहरू जी जिंदा होते तो इस परफॉर्मेंस को सुनने के बाद वे एक बार फिर रो दिए होते।’’
इस स्वतंत्रता दिवस पर जहां मनोज मुंतशिर खास तौर पर मौजूद रहेंगे, वहीं सारेगामापा के इस स्पेशल एपिसोड में न सिर्फ लिटिल चैंप्स बल्कि जावेद अली भी कुछ मधुर और देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे! तेरी मिट्टी गाने पर गुरकीरत और सक्षम की सुरीली पेशकश सभी का दिल जीत लेगी और चक दे इंडिया पर अनन्या और सौम्या की डुएट परफॉर्मेंस सभी को जोश से भर देगी। कुल मिलाकर सारेगामापा लिटिल चैंप्स के आगामी एपिसोड में दर्शकों के लिए ढेर सारे मधुर गीत, खूबसूरत यादें और बहुत से सरप्राइज होंगे।

Related Articles