पुल से नर्मदा में गिरी बस… 13 शव निकाले

इंदौर से पुणे जा रही बस सुबह पौने दस बजे धामनोद में खलघाट के पास नर्मदा नदी में गिर गई

बताया गया कि बस खलघाट में टू-लेन पुल पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए बस नदी में जा गिरी। हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। यह पुल पुराना बताया जा रहा है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन को बचाव और राहत कार्य के आदेश दिए हैं।

हादसा आगरा-मुंबई (AB रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वो दो जिलों- धार और खरगोन की सीमा पर बना है। पुल का आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और SP भी मौके पर पहुंचे हैं।
बताया जाता है कि बस MH 40 N 9848 सुबह 9 से 9.15 बजे खलघाट से 12 किलोमीटर पहले दूधी बायपास किनारे एक होटल पर रुकी थी। होटल मालिक ने बताया कि यहां 12-15 यात्रियों ने चाय-नाश्ता किया। बाकी सवारी अंदर बैठी थी। अंदर कितनी सवारी यह तो पता नहीं, लेकिन बस में 30 से 35 सवारी होंगी।

Related Articles