Delhi: गृह मंत्रालय ने बढ़ाई CAPF की तैनाती, 31 अक्टूबर तक तैनात रहेंगे केंद्रीय बल

Delhi: 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संभावित प्रदर्शनों के चलते MHA का बड़ा फैसला; दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 273 कंपनियों का कार्यकाल बढ़ाया।

Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार बन रहे विरोध-प्रदर्शन के माहौल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने एक और अहम कदम उठाया है। मंत्रालय ने दिल्ली में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 273 कंपनियों के कार्यकाल को दूसरी बार बढ़ाते हुए अब इसे 31 अक्टूबर तक कर दिया है।

CJP के विरोध-प्रदर्शनों के चलते लिया गया फैसला सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन सुरक्षा बलों को इस महीने की शुरुआत में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) और अन्य समूहों के संभावित विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर राजधानी बुलाया गया था। स्थिति की नजाकत को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर सुरक्षा बलों की तैनाती को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसे MHA ने स्वीकार कर लिया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने 22 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस और संबंधित CAPF यूनिट्स को आपसी तालमेल के साथ तैनाती जारी रखने के निर्देश जारी किए। इससे पहले पुलिस ने 20 अक्टूबर तक सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, जिसे अब महीने के अंत यानी 31 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

पहले दी गई थी 301 कंपनियों की मंजूरी गौर करने वाली बात यह है कि अक्टूबर की शुरुआत में CJP के प्रदर्शनों के आह्वान के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। शुरुआत में गृह मंत्रालय ने कुल 301 CAPF कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी थी, जिसमें 6 अक्टूबर को 221 और 8 अक्टूबर को 80 अतिरिक्त कंपनियों की मांग शामिल थी।

संवेदनशील ठिकानों और वीवीआईपी जोन पर कड़ी नजर खुफिया इनपुट और पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर, चुनाव आयोग, संसद भवन, इंडिया गेट और प्रमुख मंत्रियों के कार्यालयों व आवासों के बाहर प्रदर्शन कर सकते हैं। किसी भी संभावित उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से सख्ती से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और CAPF की यह विस्तारित तैनाती इसी सुरक्षा रणनीति का एक अहम हिस्सा है।

Related Articles