Health: अखबार में गर्म रोटी रखना पड़ सकता है भारी, सेहत पर मंडरा रहा है गंभीर खतरा; जानिए सही तरीका

Health: अखबार की जहरीली स्याही और गंदगी से खराब हो सकती है सेहत; FSSAI भी कर चुका है आगाह।

Health: अक्सर भागदौड़ भरी जिंदगी में या पुरानी परंपरा के चलते लोग घरों में गर्म रोटियों को रखने के लिए अखबार का धड़ल्ले से इस्तेमाल करते हैं। कुछ लोग रोटियों को सीधे अखबार में लपेट देते हैं, तो कुछ रोटियों के डिब्बे या प्लेट में अखबार का टुकड़ा बिछा देते हैं। अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो यह खबर आपके और आपके परिवार के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यह छोटी सी लापरवाही आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।

रोटी में घुल जाते हैं खतरनाक केमिकल अखबारों को छापने के लिए जिस प्रिंटिंग इंक (स्याही) का इस्तेमाल किया जाता है, उसमें कई प्रकार के जहरीले रसायन, पिगमेंट और सॉल्वेंट्स मौजूद होते हैं। जब कोई गरमा-गरम रोटी सीधे इस अखबार के संपर्क में आती है, तो गर्मी और नमी के कारण स्याही में मौजूद ये खतरनाक केमिकल पिघलकर धीरे-धीरे भोजन में मिलने लगते हैं। इस तरह के कैमिकल युक्त खाने का सेवन करने से शरीर की अंदरूनी सेहत पर बहुत बुरा असर पड़ता है। यही वजह है कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) भी बार-बार चेतावनी देता है कि खाने-पीने की चीजों को कभी भी अखबार में न लपेटा जाए और न ही उस पर परोसा जाए।

गंदगी और बैक्टीरिया का रहता है अंबार स्याही के अलावा साफ-सफाई के मामले में भी अखबार का इस्तेमाल करना बेहद जोखिम भरा होता है। प्रेस में छपने से लेकर अखबार वेंडर, डिलीवरी ब्वॉय और दुकानों से होता हुआ जब हमारे घर पहुंचता है, तो इस बीच उस पर अनगिनत धूल-कण, जर्म्स और खतरनाक बैक्टीरिया चिपक जाते हैं। जब इसी गंदे कागज पर रोटियां रखी जाती हैं, तो वे रोगाणु भोजन के जरिए हमारे पेट में चले जाते हैं। इससे फूड पॉइजनिंग, पेट में इंफेक्शन, बदहजमी और पाचन तंत्र से जुड़ी कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। बच्चों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए यह और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।

रोटी को सुरक्षित रखने के कौन से हैं बेहतर विकल्प? अखबार के इन तमाम खतरों से बचने के लिए बेहद जरूरी है कि आप रोटियों को रखने के लिए सुरक्षित और hygienic तरीकों को अपनाएं:

  • सूती या मलमल का कपड़ा: रोटियों को हमेशा साफ, धुले हुए सूती या सूती-मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें, इससे रोटियां ताज़ा और मुलायम भी रहती हैं।

  • स्टील या कांच के बर्तन: रोटियों को स्टोर करने के लिए अच्छी क्वालिटी के स्टील के हॉट-केस, डिब्बे या साफ कांच के बर्तनों का ही उपयोग करें।

  • फूड-ग्रेड रैपर: यदि आपको मजबूरी में किसी कागज का इस्तेमाल करना भी पड़े, तो केवल उन्हीं पेपर रैपर्स का चयन करें जो ‘फूड ग्रेड’ (Food Grade) और खाने के अनुकूल प्रमाणित हों।

Related Articles