Yogi Adityanath: गंभीर मरीजों के इलाज में मदद करेगी योगी सरकार

Yogi Adityanath: जनता दर्शन में सीएम ने 150 लोगों की सुनीं समस्याएं, आयुष्मान कार्ड और आर्थिक सहायता का दिया भरोसा।

Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाज में पैसों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जरूरतमंदों के उपचार में हरसंभव सहयोग करेगी। पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और यदि उससे भी उपचार का खर्च पूरा नहीं हो पाता है तो विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी पात्र लोगों की पहचान कर उनके आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिन्हें इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आने पर किसी भी जरूरतमंद को इलाज के लिए भटकना न पड़े और उसे बिना रुकावट उपचार मिल सके।

करीब 150 फरियादियों से मिले मुख्यमंत्री

गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की। वह स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और उनकी शिकायतें तथा प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। मुख्यमंत्री ने आवेदनों को देखकर संबंधित मामलों का संज्ञान लिया और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। समस्याओं का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि समयबद्ध, निष्पक्ष और शिकायतकर्ता को संतुष्टि देने वाला होना चाहिए।

भूमि कब्जे की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर कब्जा किए जाने से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं। इन मामलों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध कब्जे की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए और कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत भी दी।

गोशाला पहुंचकर गोवंश को खिलाया रोटी और गुड़

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में अपनी नियमित सुबह की दिनचर्या पूरी की। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ जी को नमन किया। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाकर गोसेवा की।

गोशाला में मुख्यमंत्री ने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को पुकारकर अपने पास बुलाया। उन्होंने दोनों को दुलारा और स्नेहपूर्वक भोजन कराया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर गोवंश उनके पास आने के लिए उत्सुक नजर आए। इस दौरान उन्होंने प्यार से उन्हें समझाते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो नहीं तो चोट लग जाएगी।’

Related Articles